दुनिया के अमीरों की लिस्ट में लगाई लंबी छलांग, मुकेश अंबानी से पीछे केवल 3 पायदान

अडानी ग्रुप के शेयरों के उड़ान भरते ही चेयरमैन गौतम अडानी भी उड़ान भरने लगे। दुनिया के अमीरों की लिस्ट में अब अडानी रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी से केवल 3 पायदान ही पीछे हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स में अडानी ने 4 पायदान की छलांग लगाया। वह अब 70.2 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ 16वें पायदान पर हैं, जबकि मुकेश अंबानी 90.40 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ 13वें स्थान पर। ब्लूमबर्ग की लेटेस्ट रैंकिंग में गौतम अडानी ने अपनी संपत्ति में एक ही दिन में 4.41 अरब डॉलर का इजाफा कर डाला। जबकि, मुकेश अंबानी को केवल 966 मिलियन डॉलर का फायदा हुआ है।
क्यों उछल रही दौलत: अडानी के नेटवर्थ का 60 फीसद से अधिक हिस्सा उनकी कंपनियों के शेयर से आता है। ऐसे में जब उनकी कंपनियों का मार्केट कैप बढ़ता है तो उनकी संपत्ति की वैल्यू भी उछल जाती है।केवल दो सत्रों में 30 फीसद की शानदार वृद्धि के साथ मंगलवार को अडानी ग्रुप के शेयरों का मार्केट कैपिटल 12 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। यह पहली बार है कि अमेरिकी शॉर्ट सेलर कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च की एक रिपोर्ट के बाद अडानी ग्रुप के शेयरों ने 12 लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा छुआ।
शेयर की कीमतें पिछले हफ्ते से बढ़ रहीं: अडानी की कंपनियों के शेयर की कीमतें पिछले हफ्ते से बढ़ रही हैं, जब सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को उन याचिकाओं पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था, जिनमें समूह के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोपों की जांच की मांग की गई थी।
विधानसभा चुनावों में मोदी मैजिक से उड़ने लगे अडानी ग्रुप के शेयर: अडानी एंटरप्राइजेज के शेयरों में दो सत्रों में लगभग 18 फीसद की तेजी आई है। मंगलवार को स्टॉक में 10 फीसद की बढ़ोतरी के बाद अस्थायी ट्रेडिंग रोक दी गई। मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के चुनावों में बीजेपी की जीत का इंपैक्ट इस कदर पड़ा कि समूह के शेयरों में 30 फीसद की तेजी आ गई।
अडानी एंटरप्राइजेज 10 फीसद बढ़कर 6 महीने के उच्चतम स्तर 2,784.30 रुपये पर पहुंच गया, जबकि अडानी पोर्ट्स 52-सप्ताह के हाई 966.50 रुपये पर पहुंच गया। अडानी ग्रीन एनर्जी इस पैक में शीर्ष पर रहा, जो लगभग 19 फीसद बढ़कर 6 महीने के हाई 1,341.6 रुपये पर पहुंच गया।
अडानी पावर, अडानी टोटल गैस, अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस और अडानी विल्मर में 6-14 फीसद से अधिक की बढ़त हुई। एसीसी और अंबुजा सीमेंट्स में क्रमशः 4 फीसद और 5 फीसद की वृद्धि हुई। इन शेयरों में दिन की बढ़त से समूह के संयुक्त बाजार मूल्य में 84,410 करोड़ रुपये जुड़ गए, जिससे अडानी ग्रुप के शेयरों का कुल मार्केट कैप 12.79 लाख करोड़ रुपये हो गया।



