गुप्त नवरात्रि में 10 फरवरी से महामाया मंदिर में रुद्र महायज्ञ, कल विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी
गुप्त नवरात्रि में 10 फरवरी से महामाया मंदिर में रुद्र महायज्ञ, कल विशाल शोभायात्रा निकाली

जाएगी
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के प्राचीन शक्तिपीठ मां महामाया माता मंदिर सार्वजनिक न्यास समिति द्वारा माघ महीने के गुप्त नवरात्रि में 10 फरवरी से श्री दिव्य रुद्र महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर समिति के अध्यक्ष आनंद शर्मा, सचिव व्यास नारायण तिवारी, वरिष्ठ सदस्य शेखर दुबे, न्यासी विजय कुमार झा ने बताया है कि इसके पूर्व गुप्त नवरात्रि में श्रीमद् देवी भागवत का भव्य आयोजन किया गया था। इस गुप्त नवरात्रि 10 फरवरी से 18 फरवरी तक शिव और शक्ति के रूप में शिवजी का रुद्र महायज्ञ प्रारंभ हो रहा है। प्रथम चरण में 10 फरवरी को प्रातः 10 बजे भव्य कलश यात्रा मंदिर परिसर से अमीनपारा, नीली चौक, लाखे नगर, सारथी चौक, होते हुए तात्यापारा चौक, से प्राचीन कंकाली तालाब पहुंचकर जल ग्रहण कर महिलाएं शीतला मंदिर तथा शीतला बाजार होते हुए मंदिर प्रांगण प्रवेश करेंगे। रविवार से अग्निमंथन, अग्नि प्रज्वलन, बेदी पूजन, देव आवाहन, रुद्राभिषेक पूजन पश्चात हवन प्रारंभ होगा। 12 फरवरी से 16 फरवरी तक नित्य प्रात 8 बजे से 11 बजे तक रुद्राभिषेक पूजन एवं 11 बजे से 12:30 बजे तक हवन कार्यक्रम संपन्न होंगे। प्रतिदिन 12:30 से 3:00 बजे तक विश्राम पश्चात पुनः हवन, आरती प्रसाद, संध्या 3 बजे से 6 बजे तक होगा। 18 फरवरी को यज्ञ समाप्ति, पूर्णहुति महाआरती, सहस्त्रधारा, ब्राह्मण भोजन, भंडारा प्रसादी से संपन्न होगा। मंदिर न्यास समिति ने धर्म प्रिय श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में इस महायज्ञ में शामिल होकर यज्ञ वेदी की प्रतिदिन सुबह शाम परिक्रमा कर पूण्य लाभ प्राप्त करें।








