राष्ट्रीय

नायब सिंह सैनी बनेंगे हरियाणा के नए मुख्यमंत्री, 17 अक्टूबर को शपथ ग्रहण समारोह

चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद नायब सिंह सैनी 17 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही भारतीय जनता पार्टी ने पहले ही संकेत दे दिया था कि चुनाव जीतने के बाद शीर्ष पद के लिए सैनी ही उनकी पसंद होंगे.

केंद्रीय मंत्री और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा, “हमें प्रधानमंत्री की मंजूरी मिल गई है कि 17 अक्टूबर को पंचकूला में मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद शपथ लेंगे.” शपथ ग्रहण समारोह की व्यवस्थाओं की देखभाल के लिए मुख्य सचिव ने पंचकूला जिला आयुक्त की अध्यक्षता में 10 सदस्यीय समिति का गठन किया है.

विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत के बाद राज्य में नई सरकार के प्रमुख के रूप में शपथ लेने से पहले नायब सिंह सैनी ने बुधवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य वरिष्ठ भाजपा नेताओं से मुलाकात की थी. इसके बाद गुरुवार को सैनी ने राष्ट्रीय राजधानी में केंद्रीय मंत्री और हरियाणा के लिए भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से भी मुलाकात की थी.

विधानसभा चुनावों में पार्टी ने 48 सीटों के साथ अपनी अब तक की सर्वश्रेष्ठ जीत दर्ज की, जो कांग्रेस से 11 अधिक थी. चुनाव में जेजेपी और आप का सफाया हो गया और आईएनएलडी सिर्फ दो सीटें जीतने में सफल रही. यही नहीं हरियाणा विधानसभा चुनावों में निवर्तमान सैनी मंत्रिमंडल के 10 में से आठ मंत्रियों को हार का सामना करना पड़ा. जीतने वाले दो लोग क्रमशः पानीपत ग्रामीण और बल्लभगढ़ सीटों से महिपाल ढांडा और मूलचंद शर्मा थे.

Related Articles

Back to top button