राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने खम्हारडीह गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में किया दर्शन, उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने किया स्वागत
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राजधानी रायपुर खम्हारडीह गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर का दौरा किया, जहां उन्होंने भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए और प्रार्थना की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू,सांसद बृजमोहन अग्रवाल उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति मुर्मु का जगन्नाथ मंदिर प्रांगण में विधायक पुरंदर मिश्रा के परिवार तथा मंदिर समिति के सदस्यों ने स्वागत किया। राष्ट्रपति ने गर्भगृह में जाकर भगवान जगन्नाथ की पूजा आरती उतारी और उन्हें फल मिष्ठान्न श्री फल भेंट किया। इस दौरान, उन्होंने भगवान से छत्तीसगढ़ के लोगों की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। मुख्य मंदिर का दौरा करते हुए, राष्ट्रपति ने देवी-देवताओं के दर्शन किए और मंदिर के इतिहास के बारे में जानकारी प्राप्त की। विधायक पुरंदर मिश्रा ने उन्हें मंदिर
के महत्व और इसकी धार्मिक परंपराओं के बारे में बताया। इस कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय राज्यमंत्री और सांसद भी उपस्थित रहे। विधायक पुरंदर मिश्रा के परिजनों ने राष्ट्रपति को प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर कई महत्वपूर्ण अतिथि, जैसे विधायक धरमलाल कौशिक, प्रदेश महांमत्री संजय श्रीवास्तव और वरिष्ठ भाजपा नेता रामप्रताप सिंह भी मौजूद थे। उत्तर विधायक ने सभी का परिचय कराया और समारोह की सफलता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। ज्ञात हो कि यह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का जगन्नाथ मंदिर का दूसरा प्रवास था। पिछले वर्ष भी उन्होंने यहां दर्शन किए थे। इस दौरान रायपुर संभाग के आयुक्त महादेव कांवरे, कलेक्टर गौरव सिंह, तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे, जिन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया

