कैवल्यधाम तीर्थ प्रेरिका प्रवर्तिनी निपुणा श्रीजी उपाश्रय का लोकार्पण आज
उमा वाणी न्यूज़ रायपुर
कैवल्यधाम तीर्थ प्रेरिका प्रवर्तिनी निपुणा श्रीजी उपाश्रय का लोकार्पण आज
रायपुर। सदर बाजार स्थित ऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट प्रांगण में रविवार को प्रवर्तिनी निपुणा श्रीजी उपाश्रय का मंगलमय लोकार्पण होगा। ऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विजय कांकरिया एवं कार्यकारी अध्यक्ष अभय कुमार भंसाली ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 7:30 बजे श्री पार्श्व वल्लभ स्नात्र महिला एवं बहू मंडल, राजनांदगांव द्वारा आयोजित स्नात्र महोत्सव के साथ होगी। इसके पश्चात प्रातः 9 बजे से 10 बजे तक धर्म सभा का आयोजन होगा। धर्म सभा के उपरांत प्रातः 10 बजे से 11 बजे तक श्री निपुणा उपाश्रय का भव्य उद्घाटन संपन्न होगा। इसके बाद उपाश्रय के निर्माण में सहयोग प्रदान करने वाले सभी दानदाताओं का सम्मान और अभिनंदन किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन में प्रातः 11:30 बजे से महावीर भवन में स्वामी वात्सल्य का आयोजन रहेगा।
उपाश्रय के ग्राउंड फ्लोर स्थित हॉल के लाभार्थी इंदरचंद बेगानी एवं सावित्री देवी बेगानी, रायपुर हैं। वहीं उपाश्रय के प्रथम तल के हॉल का निर्माण पूज्य प्रवर्तिनी निपुणा श्रीजी म.सा. की शिष्या पूज्य प्रवचन प्रभाविका मंजुला श्रीजी म.सा. एवं मृदुयशा श्रीजी म.सा. की पावन प्रेरणा से स्वर्गीय रिखब चंद जी, स्वर्गीय कांता बाई एवं स्वर्गीय दीपक कुमार जी की पुण्य स्मृति और आत्मकल्याण के लिए कराया गया है। इस पुण्य कार्य में मनीता, कैलाश कुमार, बबीता, मौलिक कुमार एवं कु. ऋषिका बेगानी (रायपुर/अभनपुर, छत्तीसगढ़) ने सहभागिता निभाई।
*50 से अधिक मंदिर-उपाश्रय निर्माण में रहा अमूल्य योगदान*
सदर बाजार स्थित श्री ऋषभदेव मंदिर में प्रवर्तिनी निपुणा श्रीजी के नाम पर उपाश्रय का लोकार्पण किया जा रहा है। परम पूज्य निपुणा श्रीजी को कैवल्यधाम तीर्थ की प्रेरिका और शासन प्रभाविका के रूप में जाना जाता है। उन्हीं की प्रेरणा से कैवल्यधाम तीर्थ की स्थापना हुई। उनके मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर 50 से अधिक मंदिर और उपाश्रय का निर्माण हुआ। निपुणा श्रीजी ने अपने जीवन के 25 वर्ष छत्तीसगढ़ में धर्म आराधना, निर्माण और समाज उत्थान के कार्यों में समर्पित किए। उन्हीं की स्मृति में यह उपाश्रय निर्मित किया गया है।