विदेश से आई नशे की खेप! लखनऊ एयरपोर्ट पर 6.23 करोड़ का गांजा जब्त, तस्करी का तरीका चौंकाने वाला

लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम अधिकारियों ने एक बड़ी नशे की खेप बरामद की है। चेकिंग के दौरान एक यात्री के पास से 6.239 किलो गांजा मिला, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6.23 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह खेप खुफिया जानकारी और यात्री सूची के आधार पर बरामद की गई और तस्करी के तरीके ने सुरक्षा अधिकारियों को चौंका दिया।
पारदर्शी वैक्यूम-पैक पाउच में छिपा था गांजा
कस्टम आयुक्त के अनुसार, यह कार्रवाई रात के समय की गई। बैंकॉक से एयर एशिया की फ्लाइट FD-146 से एक संदिग्ध यात्री लखनऊ पहुंचा था। चेकिंग के दौरान एआईयू (एयरपोर्ट इंटेलिजेंस यूनिट) ने उसे ग्रीन चैनल पर रोक लिया। जब उसके सामान की तलाशी ली गई, तो उसमें सात पारदर्शी वैक्यूम-पैक पाउच मिले, जिनमें गांजे के फूल और फलनुमा पदार्थ भरे हुए थे।
-
बरामद गांजा: 6.239 किलो
-
अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत: 6.23 करोड़ रुपये
एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, गांजे को एनडीपीएस (नशीली पदार्थों और साइकोट्रोपिक पदार्थों) अधिनियम, 1985 की धारा 43 के तहत जब्त किया गया। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इसके साथ ही, तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है, ताकि इस अपराध के नेटवर्क का पता चल सके।
तस्करी के नए तरीके को लेकर सुरक्षा अधिकारियों में चिंता
तस्करी के इस नए तरीके से सुरक्षा अधिकारियों में चिंता बढ़ गई है। पारदर्शी वैक्यूम-पैक पाउच में गांजे की छिपाई गई खेप न केवल तस्करों की नई रणनीति को दर्शाती है, बल्कि यह भी बताता है कि अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं।




