एनईआर के 16 कर्मचारियों को एक्सीलेंस अवार्ड, रेल सुरक्षा में उनके योगदान को सराहा गया!

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। लहरतारा स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में शुक्रवार को संरक्षा तथा सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट और उल्लेखनीय योगदान देने वाले 16 रेल कर्मचारियों एक्सीलेंस अवार्ड दिए गए। डीआरएम आशीष जैन ने इन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता यात्रियों की संरक्षा तथा सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसी दिशा में कार्य करते हुए मंडल के विभिन्न विभागों परिचालन, इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार, विद्युत तथा सुरक्षा विभाग ने समन्वित प्रयासों से उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं। इस दौरान उन कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए, जिन्होंने सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए संभावित दुर्घटनाओं को टाल दिया और रेल सम्पत्ति तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की।
इस मौके पर एडीआरएम (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा, एडीआरएम (इन्फ्रास्ट्रक्चर) अजय सिंह, सीएमएस डॉ. आरजे चौधुरी, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी एम. रमेश कुमार, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर रजत प्रिय, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।




