पुलिस फोर्स की सुरक्षा में पेट्रोल-डीजल, पंपों पर सुबह से लगी वाहनों की लंबी लाइन

लोग सुबह उठे और पेट्रोल पंप की लाइन में लग गए। यह हाल यूपी के कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर देखने को मिला। लाइन लगातार बढ़ती जा रही है। यूपी की राजधानी लखनऊ में कई पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म है। जिन पेट्रोल पंपों पर अभी भी तेल मिल रहा है तो उनपर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा है। गोमतीनगर में पेट्रोल पंप पर बाइक सवारों की भीड़ लगी है और चार पहिया वाहन लाइनों में लगे हैं। चौपहिया गाड़ियों की कतार और लोगों की भीड़ देख पुलिस भी पहुंच गई।
कई पेट्रोल टंकी में स्टॉक खत्म
गोंडा जिले में बीते दो दिन से पेट्रोल और डीजल की किल्लत ने आम जनता की परेशानी बढ़ा दी है। कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन की आपूर्ति बाधित होने से लोगों को घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि सुबह से ही वाहन चालकों की भीड़ पेट्रोल पंपों पर जुटने लगती है, लेकिन कई बार उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है।
इटियाथोक के कपूर फीलिंग सेंटर पर शुक्रवार की सुबह पुलिस फोर्स के बीच पेट्रोल और डीजल ग्राहकों को दिए गए। पेट्रोल टंकी पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ और वाहनों की लम्बी कतार लगी हुई थी। शुक्रवार की सुबह 11 बजे तक यहां पर वितरण हुआ और ईंधन का स्टॉक खत्म हो गया। ईंधन का लोड आने पर फिर से ईंधन का वितरण होगा। मां पटमेश्वरी फीलिंग सेंटर सदाशिव में ईंधन का स्टॉक है पुलिस की मौजूदगी में ईंधन वितरण चल रहा है। वही क्षेत्र के कई पेट्रोल टंकी पर स्टॉक की उपलब्धता न होने से पेट्रोल टंकी बन्द है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक बढ़ी मांग और आपूर्ति में कमी के चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई है। सबसे अधिक दिक्कत रोजमर्रा के कामकाज से जुड़े लोगों को हो रही है।
किसान, व्यापारी और दिहाड़ी मजदूर समय पर अपने कार्य स्थल तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। जिससे उनकी आय पर भी असर पड़ रहा है। क्षेत्र के कुछ पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि उन्हें पर्याप्त मात्रा में ईंधन नहीं मिल पा रहा है, जिससे वे नियमित आपूर्ति करने में असमर्थ हैं। जैसे ही टैंकर आता है, थोड़े समय में ही सारा ईंधन खत्म हो जाता है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने आपूर्ति को सुचारू करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हालात सामान्य करने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय किया जा रहा है।




