featureउत्तर प्रदेश

गैस लीक से हड़कंप: घर के बाहर लगी आग, घंटेभर इंतजार के बाद पहुंची दमकल

कानपुर,यूपी के कानपुर में एक भीषण हादसा हो गया। हालांकि इसमें किसी को नुकसान नहीं पहुंचा है। लेकिन हादसे के बाद अधिकारियों की लापरवाही सामने आई है। दरअसल, कल्याणपुर में एक घर के बाहर पीएनजी की पाइपलाइन में से गैस लीक होने के कारण आग लग गई। आग धीरे-धीरे करके फैलती गई। लेकिन बुझाने के लिए मौके पर दमकल कर्मी नहीं पहुंचे। लगभग 1 घंटे तक भी दमकल विभाग का इंतजार ही किया जाता रहा। इसके बाद दमकल विभाग पहुंचा और आग पर काबू पाने का काम शुरू किया। दमकल विभाग के आने तक आस-पास के लोगों की सांसे अटकी रहीं।

बताया जा रहा है कि कल्याणपुर में कैलाश विहार इलाके में रहने वाले आरके शर्मा के घर के बाहर से गुजर रही पीएनजी लाइन में बुधवार सुबह आग लग गई। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें तेज़ी से उठने लगीं। आग की लपटों को देखकर इलाके में रहने वाले लोगों के बीच हड़कंप मच गया। घटना से घबराए लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। इलाकाई लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम और फायर विभाग को फोन कर घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पनकी रोड चौकी में तैनात पुलिस के सिपाही मिट्टी और बालू डालकर आग को बुझाने के लिए जूझते रहे। वहीं सूचना के बावजूद 1 घंटे बाद मौके पर दमकल की गाड़ी और राहत टीमें पहुंची। उन्होंने आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। अब दमकल विभाग के सिपाही सीयूजीएल विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर पीएनजी लाइन को बंद कराने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है, जबकि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

पुलिसकर्मी बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने और उसे फैलने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं। दमकल विभाग भी आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटा है। घनी आबादी वाला क्षेत्र होने के कारण पाइपलाइन में लगी आग से बड़े हादसे का डर बना हुआ है। मौके पर पुलिस बल तैनात है और राहगीरों को घटनास्थल से दूर हटाया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि आवास विकास निवासी और ग्रामीण बैंक से रिटायर्ड रामचंद्र शर्मा ने सुबह टहलने निकले और कुछ समय बाद वापस लौटे। इसी समय उन्होंने घर के बाहर गैस लीकेज के कारण आग की लपटें उठती देखीं। उन्होंने तुरंत पीएनजी के टोल फ्री नंबर पर कॉल किया, लेकिन काफी देर तक कॉल रिसीव नहीं हुआ। देखते ही देखते आग ने पास के घर के बाहर लगे बिजली के तारों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

Related Articles

Back to top button