featureछत्तीसगढ़

अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 100 ट्रैक्टर रेत नदी में वापस डलवाई गई

रायपुर, राज्य में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में जांजगीर-चांपा जिले में खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध रेत भंडारण और उत्खनन के मामलों में कड़ी कार्रवाई की गई।
खनिज अधिकारी ने बताया कि ग्राम आमोदी (खपरीडीह) में अवैध रूप से भंडारित रेत के विरुद्ध अभियान चलाते हुए लगभग 100 ट्रैक्टर रेत को वापस नदी में डलवाया गया। यह कार्रवाई अवैध भंडारण को समाप्त करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के उद्देश्य से की गई।

इसके अलावा ग्राम पीथमपुर-भादा क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की शिकायत मिलने पर खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर जांच की। जांच के दौरान ग्राम भादा में नियमों के विपरीत चौन माउंट मशीन के माध्यम से रेत खनन किया जाना पाया गया, जिस पर कार्रवाई करते हुए एक चौन मशीन को जब्त कर मौके पर ही सीलबंद कर दिया गया।
इसी प्रकार ग्राम देवरहा में भी अवैध रेत खनन में संलिप्त एक अन्य चौन माउंट मशीन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसे सीलबंद किया गया।
प्रशासन ने बताया कि दर्ज प्रकरणों की जांच छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत उत्खनन एवं व्यवसाय नियम, 2025 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के प्रावधानों के तहत की जा रही है। जांच उपरांत संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और खनिज संसाधनों के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button