
महासमुंद, 19 जुलाई। जिले में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने महासमुंद जिले के लिए अगले दो दिनों तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान जिले के कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी तथा कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने के भी आसार हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें तथा नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। किसानों को भी मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य करने की सलाह दी गई है।

नगरपालिका एवं संबंधित विभागों को जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आपदा प्रबंधन दल को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
मौसम विभाग ने लोगों से लगातार मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।