
अंबिकापुर। संभाग के सबसे बड़े शासकीय चिकित्सा संस्थानों में शामिल अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सोनोग्राफी सुविधा को लेकर मरीजों और परिजनों ने नाराजगी जताई है। अस्पताल में मरीजों ने हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध होने और रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति के बावजूद मरीजों को जांच के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंचने के बाद भी उन्हें समय पर सोनोग्राफी जांच की सुविधा नहीं मिल पा रही है। कई मरीजों को तीन से चार दिन तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। इस वजह से मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन मौजूद है और रेडियोलॉजिस्ट भी उपलब्ध हैं, लेकिन जांच प्रक्रिया नियमित रूप से नहीं चल पा रही है। उनका आरोप है कि रेडियोलॉजिस्ट निजी अस्पतालों में भी ड्यूटी करते हैं, जिसके कारण वे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पूरा समय नहीं दे पाते। इसके चलते सरकारी अस्पताल में आने वाले मरीजों को समय पर जांच की सुविधा नहीं मिल रही है। मरीजों के परिजनों का कहना है कि मजबूरी में उन्हें निजी सोनोग्राफी सेंटरों का सहारा लेना पड़ रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए निजी सेंटरों में जांच कराना अतिरिक्त बोझ बन रहा है। लोगों ने अस्पताल प्रबंधन से व्यवस्था सुधारने और मरीजों को समय पर जांच सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।




