

उमावाणी न्यूज
दिनांक: 25 अक्टूबर 2026 | रायपुर, छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना रायपुर जिला का नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘अदरा लदका’ संपन्न
पीरदा (भिंभौरी) में सेनानियों को सिखाए गए अनुशासन, नैतिकता और समाज का नेतृत्व करने के गुर
रायपुर। छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना रायपुर जिला द्वारा आयोजित नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘अदरा लदका’ पीरदा (भिंभौरी) में संपन्न हुआ। इस एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में संगठन के सेनानियों ने भाग लेकर अनुशासन, नैतिकता, संगठनात्मक कार्यप्रणाली और समाज का नेतृत्व करने से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
‘अदरा लदका’ छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना का नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य नए सेनानियों को संगठन की विचारधारा, कार्यशैली और अनुशासन से परिचित कराना तथा उन्हें सामाजिक दायित्वों के निर्वहन और नेतृत्व के लिए तैयार करना है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने अलग-अलग सत्रों में सेनानियों को महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। साथ ही, विषम परिस्थितियों में धैर्य, दृढ़ता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की क्षमता विकसित करने पर भी जोर दिया गया।
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना अपने सेनानियों को कठोर अनुशासन, नैतिक मूल्यों और संगठनात्मक प्रतिबद्धता के साथ प्रशिक्षित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। विभिन्न क्षेत्रों में रुचि और दक्षता रखने वाले सेनानियों के कौशल एवं नेतृत्व क्षमता को विकसित कर उन्हें छत्तीसगढ़ के सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए तैयार किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन सत्र को संबोधित करते हुए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा के लिए समर्पित प्रशिक्षित सेनानियों का एक व्यापक संगठन है। संगठन छत्तीसगढ़ याने जल-जंगल-जमीन , छत्तीसगढ़ी भाषा-संस्कृति और छत्तीसगढ़िया समाज के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किरिया खाई है। उन्होंने सेनानियों से संगठन के उद्देश्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।


