कांग्रेस में हर आदमी की बात सुनी जाती है : राहुल

नागपुर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राजा महाराजाओं की तरह काम करती है और हर काम के लिए ऊपर के आदेश का पालन किया जाता है, लेकिन कांग्रेस में आम कार्यकर्ता की बात सुनी जाती है और साधारण कार्यकर्ता भी नेतृत्व तक अपनी बात पहुंचा सकता है।
कांग्रेस के 139वें स्थापना दिसव के अवसर पर यहां आयोजित विशाल रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में जनता को न्याय नहीं मिल रहा है। देश में दलितों, आदिवासियों, ओबीसी आदि के साथ अन्याय हो रहा है और उन्हें तब तक न्याय नहीं मिल सकता है जब तक देश में जाति के आधार पर जनगणना नहीं होती है। उनका कहना था कि कांग्रेस जब केंद्र में सत्ता में आएगी तो देश में जाति के आधार पर जनगणना की जाएगी। कांग्रेस नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने का काम करती है और पूरे देश में, पूरे समाज में सौहार्द तथा भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए काम करती है।
श्री गांधी ने कहा कि लोगों को लग रहा है कि देश में सत्ता की लड़ाई चल रही है, लेकिन सच यह है कि यह लड़ाई दो विचारधाराओं के बीच है। भाजपा की विचारधारा राजाओं की विचारधारा है, वह किसी की सुनते नहीं हैं। भाजपा में आदेश ऊपर से आता है और सभी को मानना पड़ता है। जबकि कांग्रेस पार्टी में आवाज कार्यकर्ताओं से आती है और हम उसका सम्मान करते हैं।



