राष्ट्रीय

ममता बनर्जी ने दी हत्यारोपियों को चेतावनी: जरूरत पड़ी तो फांसी की सजा देने से नहीं हिचकिचाएंगे

कोलकाता में मारी गई डॉक्टर के हत्यारों पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का गुस्सा भड़क उठा है। ममता बनर्जी ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो हत्यारोपियों को फांसी पर लटका दिया जाएगा। गौरतलब है कि कोलकाता के एक सरकारी अस्पताल में शुक्रवार को ड्यूटी पर तैनात पीजीटी डॉक्टर का शव अर्ध नग्न अवस्था में बरामद किया गया था। महिला डॉक्टर अस्पताल के छाती रोग उपचार विभाग की द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि डॉक्टर के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। महिला चिकित्सक के पिता ने आरोप लगाया था कि अस्पताल में उसकी बेटी के साथ रेप कर उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि अब सच्चाई को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला चिकित्सक की हत्या से पहले उसका यौन उत्पीड़न किए जाने की पुष्टि हुई है।

ममता बनर्जी ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने दावा किया कि हत्या के आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने ट्रेनी डॉक्टर के परिजनों से बात की है। साथ ही उन्हें आश्वस्त किया है कि मामले को लेकर कोई भी लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि डॉक्टर की मौत मुझे अपना निजी नुकसान लगती है। डॉक्टरों के गुस्से और उनकी मांग को पूरा किया जाएगा। ममता ने कहा कि मैं उन्हें पूरी तरह से सपोर्ट करती हूं। पुलिस ने उनकी मांगें भी मान ली हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने निर्देश दिया है कि केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाया जाए। अगर जरूरत पड़ी तो दोषियों को फांसी पर लटका दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button