
उमावाणी न्यूज
बिरगांव चुनाव प्रभारी एवं सहप्रभारियों की नियुक्ति के पश्चात जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की पहली चुनावी बैठक संपन्न
बिरगांव चुनाव में पूरी ताकत के साथ उतरने का संकल्प, चुनावी रणनीति एवं संगठनात्मक मजबूती पर हुआ व्यापक मंथन
बिरगांव। आगामी बिरगांव नगर निगम चुनाव को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी (JCP) ने अपनी चुनावी तैयारियों को गति प्रदान कर दी है। चुनाव प्रभारी एवं सहप्रभारियों की नियुक्ति के पश्चात आज पार्टी के रायपुर पश्चिम कार्यालय में प्रभारियों की पहली महत्वपूर्ण चुनावी बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी चुनाव की रणनीति, संगठनात्मक विस्तार एवं जमीनी स्तर पर पार्टी की मजबूती को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में बिरगांव चुनाव प्रभारी चंद्रकांत यदु जी ने चुनावी तैयारियों की दिशा एवं कार्ययोजना पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए कहा कि आगामी चुनाव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय, एकजुटता और पूरी सक्रियता के साथ चुनावी मैदान में उतरना होगा।
बैठक में चुनाव प्रभारी एवं सहप्रभारियों की नियुक्ति के बाद खड़ एवं गुड़ी स्तर पर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत बनाने, जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने तथा बिरगांव नगर निगम के निवासियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में उपस्थित सहप्रभारियों ने आगामी बिरगांव चुनाव को गंभीरता से लेते हुए पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरने तथा जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की विचारधारा एवं छत्तीसगढ़िया अस्मिता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने स्पष्ट किया कि आगामी बिरगांव चुनाव में छत्तीसगढ़िया अस्मिता, सेनानियों की सक्रियता एवं जनहित के मुद्दे पार्टी की चुनावी रणनीति के प्रमुख आधार होंगे। पार्टी नेतृत्व ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में जुटकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।