
उमावाणी न्यूज
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर
नॉर्थ जोन
दिनांक : 03.11.2026
एक वर्षीय अपहृत बालक को थाना पंडरी पुलिस ने अथक प्रयासों से 2.30 घंटों में सकुशल बरामद कर मां से मिलाया

अपहृत बालक का पहला जन्मदिन होने पर थाना पंडरी में पुलिसकर्मियों ने केक काटकर मनाया जन्मदिन, सामने आया पुलिस का मानवीय चेहरा
🔹 पारिवारिक विवाद के चलते पिछले 7-8 माह से अलग रह रहे पति-पत्नी के बीच विवाद के दौरान पिता एक वर्षीय बालक को जबरदस्ती अपने साथ ले गया था।
🔹 बालक के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने तथा उसके साथ किसी अनहोनी अथवा अन्य अपराध घटित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने गंभीरता से पतासाजी की।
🔹 डीसीपी नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन तथा एडीसीपी नॉर्थ श्री आदित्य पाण्डेय एवं एसीपी पंडरी श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पंडरी निरीक्षक परेश पाण्डेय एवं टीम ने अथक प्रयास कर ढाई घंटों में बालक को सकुशल बरामद किया।
प्रार्थिया प्रिया पाण्डेय, उम्र 26 वर्ष, का विवाह वर्ष 2022 में लाकेश सिंह बंजारे से हुआ था। दोनों पति-पत्नी हैं तथा उनका एक वर्षीय पुत्र है। आपसी पारिवारिक विवाद के चलते पिछले लगभग 7-8 माह से दोनों अलग-अलग रह रहे थे।
दिनांक 03.11.2026 को सुबह लगभग 11:00 बजे प्रार्थिया का पति लाकेश सिंह बंजारे उसके दलदल सिवनी स्थित मकान पहुंचा, जहां दोनों के बीच विवाद हुआ। इस दौरान आरोपी द्वारा अश्लील गाली-गलौज करते हुए प्रार्थिया के साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की गई, जिससे उसे चोटें आईं। आरोपी द्वारा बच्चे को शाम लगभग 5 बजे जबरदस्ती अपने साथ ले जाने का प्रयास किए जाने पर पड़ोस में रहने वाली रूबी प्रिया मानिकपुरी ने बच्चे को अपने घर ले जाकर सुरक्षित रखा।
बाद में जब प्रार्थिया थाना पंडरी में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची, उसी दौरान शाम लगभग 6 बजे उसका पति लाकेश सिंह बंजारे उसके एक वर्षीय पुत्र एवं प्रार्थिया का मोबाइल फोन जबरदस्ती अपने साथ लेकर चला गया। प्रार्थिया द्वारा बच्चे को वापस देने कहने पर भी आरोपी बच्चे को लौटाने को तैयार नहीं था। बच्चे के संबंध में पूछे जाने पर भी वह कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहा था।
मामले की गंभीरता एवं एक वर्षीय अबोध बालक की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए थाना पंडरी पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई प्रारंभ की गई। बालक के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने तथा उसके साथ किसी अनहोनी अथवा अन्य अपराध घटित होने की आशंका के मद्देनजर पुलिस टीम ने हर संभावित पहलू पर गंभीरता से पतासाजी की। थाना प्रभारी पंडरी निरीक्षक परेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए 2.30 घंटे के भीतर अपहृत बालक को सकुशल बरामद कर उसकी मां से पुनः मिलाया। बच्चे की सकुशल बरामदगी से मां ने राहत की सांस ली।
इस घटनाक्रम का एक विशेष और सुखद पहलू यह भी रहा कि आज ही बालक का पहला जन्मदिन था। मां से बिछड़े इस नन्हे बालक का जीवन का पहला जन्मदिन पुलिसकर्मियों ने थाना पंडरी में केक काटकर मनाया। पुलिसकर्मियों ने बालक के साथ खुशियां साझा कीं और इस कठिन परिस्थिति से गुजर रहे परिवार को एक सुखद एवं यादगार पल दिया। एक ओर जहां पुलिस ने तत्परता से बालक को सकुशल उसकी मां तक पहुंचाया, वहीं दूसरी ओर उसका जन्मदिन मनाकर पुलिस के संवेदनशील एवं मानवीय चेहरे का भी परिचय दिया।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर आरोपी लाकेश सिंह बंजारे, उम्र 28 वर्ष, निवासी बगदेही पारा, तर्री रोड, थाना गोबरा नयापारा, रायपुर के विरुद्ध थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 380/2026, धारा 296, 115(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रायपुर कमिश्नरेट महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है। पुलिस अपराधों की रोकथाम एवं प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ संकट की स्थिति में नागरिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जरूरतमंदों के साथ संवेदनशीलता एवं मानवीयता से खड़े रहने के लिए सदैव तत्पर है।