प्रकाश पर्व से पूर्व शंकर नगर गुरुद्वारे से निकली प्रभातफेरी, में शामिल हुए भाजपा प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा
प्रकाश पर्व से पूर्व शंकर नगर गुरुद्वारे से निकली प्रभातफेरी, शामिल हुए पुरंदर मिश्रा
रायपुर। प्रकाश पर्व से पूर्व गुरुवार की सुबह शंकर नगर गुरुद्वारे से सिक्ख समाज ने प्रभातफेरी निकाली। सैकड़ों सिक्ख परिवार इस प्रभातफेरी में शामिल हुए। इस मौके पर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा भी इस प्रभातफेरी के स्वागत के लिए पहुंचे। उन्होंने निकलती हुई प्रभातफेरी पर पुष्पवर्षा करते हुए उनका स्वागत किया। साथ ही प्रभातफेरी में शामिल सभी धर्मावलम्बियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की।
बता दें कि हर साल प्रकाश पर्व से पूर्व इस तरह की प्रभातफेरी निकाले जाने की परंपरा है, जिसके स्वागत के लिए प्रतिवर्ष इस तरह की व्यवस्था की जाती है। इस मौके पर मिश्रा ने कहा कि प्रदेश और देश के विकास में सिक्ख समाज की भूमिका हमेशा अग्रणी रही है। उनके धैर्य, परिश्रम और लोकसेवा का हर किसी को अनुसरण करना चाहिए।
पुरन्दर मिश्रा ने इस पावन अवसर पर प्रभातफेरी पर निकले सिक्ख समाज के लोगों पर पुष्प वर्षा करते हुए प्रदेश की खुशहाली और लोगों की समृद्धि की कामना की। इस मौके पर श्रीमती सुमन राम प्रजापति, हरीश सिंघानिया, चेतन जोशी, नीतिन श्रीवास्तव, मंजूषा अग्रवाल, साधना चक्रवर्ती, अशोक सुराना, महेन्द्र धनगर, राजकुमार रिजवानी सहित बड़ी संख्या में अन्य सर्मथकगण मौजूद थे।



