युवक को लव मैरिज करना पड़ा महंगा, युवती के परिजनों ने अपहरण कर बेरहमी से पीटा

बैतूल। बैतूल के कोतवाली थाना क्षेत्र के रानीपुर निवासी एक युवक को लव मैरिज करना भारी पड़ गया। लड़की पक्ष के लोगों ने युवक का पहले अपहरण किया फिर उसकी जमकर पिटाई कर दी। युवक के मुताबिक युवती से लव मैरिज किए जाने की रंजिश को लेकर उसपर हमला किया गया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दरअसल रानीपुर मे रहने वाले युवक शिवम ने फरवरी माह में ही ग्राम खण्डारा की रहने वाली एक युवती से लव मैरिज की थी। इससे युवती के परिजन काफी नाराज थे। मंगलवार की रात युवती के परिजनों ने शिवम का अपहरण किया और उसे ग्राम खण्डारा लेकर गए जहां खेत मे ले जाकर शिवम के साथ जमकर मारपीट की गई। बाद में आरोपी उसे गंज थाने के पास छोड़कर फरार हो गए।
घायल युवक ने इसकी शिकायत पुलिस थाने में की जिसके बाद युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को रात में ही हिरासत में ले लिया था अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

