छत्तीसगढ़

देवर ने भाभी की गला घोंटकर हत्या की: पुलिस ने आरोपी को बस स्टैंड से दबोचा, जांच जारी

मरवाही। जिले के दानीकुंडी गांव में पारिवारिक रिश्तों को कलंकित करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है जहां देवर ने अपनी ही भाभी की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचा और फिर बस स्टैंड से भागने की फिराक में था लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे गिरफ्तार कर लिया।

मिली जानकारी के अनुसार आरोपी गुलाब चौधरी उर्फ गुलटा ने अपने भाई की पत्नी सुनीता चौधरी को जबरदस्ती मोटरसाइकिल में बैठाकर अपने घर ले गया। उस समय सुनीता का पति रिश्तेदारी में बाहर था। घर पहुंचने के बाद दोनों के बीच काफी कहासुनी और विवाद हुआ जिसके बाद गुलाब ने सुनीता का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को अपने घर के पीछे स्थित बाड़ी में फेंक दिया और खुद टीकठी गांव के एक शादी समारोह में शामिल होने चला गया जिससे उस पर किसी को शक न हो। वहां से आरोपी अपनी पत्नी के साथ फरार होने की तैयारी में था लेकिन मरवाही पुलिस ने उसे बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि गुलाब और सुनीता का पति एक साथ शादी-ब्याह में गाजा-बाजा बजाने का काम करते थे। दोनों के बीच आय के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था जो इस हत्या की वजह बना। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button