
उमावाणी न्यूज
रायपुर, 14 सितंबर 2026 -उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल में आज श्रद्धा और आस्था के प्रतीक भगवान श्री गणेश की प्रतिमा की स्थापना हर्षोल्लास के साथ की गई। इस दौरान डॉक्टर, पैरामेडिकल टीम एवं मरीज के परिजनों ने मिलकर गणेश जी की मूर्ति स्थापित की और पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और आरोग्य की कामना की।
अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह और डायरेक्टर श्रीमती नम्रता सिंह के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गणपति बप्पा विराजित हुए। सभी ने मोदक का भोग लगाकर आरती की। इस अवसर पर अस्पताल परिसर को आकर्षक फूलों और रोशनी से सजाया गया था। गणपति स्थापना के दौरान मरीज के परिजनों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने बप्पा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर डॉ. विनोद सिंह ने शहर की सभी गणेश उत्सव समितियों से अपील करते हुए कहा कि गणेश पूजन श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है। इस पावन पर्व को हमें पूरी शालीनता और मर्यादा के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान क्षमता से अधिक तेज आवाज वाले डीजे बजाने से आम जनजीवन प्रभावित होता है। अस्पतालों और रिहायशी इलाकों में तेज डीजे का शोर मरीजों के लिए बेहद हानिकारक है।
डॉ. सिंह ने कहा कि अत्यधिक तेज आवाज वाले डीजे से कान की सुनने की क्षमता कम होने, ब्लड प्रेशर बढ़ने, दिल की धड़कन तेज होने, घबराहट और नींद न आने जैसी स्वास्थ्य समस्याएं होती हैं। विशेष रूप से हृदय रोगियों, बुजुर्गों, छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं पर इसका गंभीर असर पड़ता है। सभी समितियों को शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करना चाहिए। भक्ति में शोर नहीं, भाव होना चाहिए।

