राष्ट्रीय

योगी ने मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सशक्तिकरण रैली का किया शुभारंभ

लखनऊ.  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिशन शक्ति के चौथे चरण के अंतर्गत आज महिला सशक्तिकरण जागरूता रैली का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रैली को यहां हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद कहा कि ‘मिशन शक्ति’ अभियान पूरे प्रदेश में लोकप्रिय हुआ है। महिला सम्बन्धी अपराधों को नियंत्रित करने और अपराधियों को दण्डित करने में प्रदेश, देश के अग्रणी राज्यों में है। प्रदेश के मिशन शक्ति अभियान की सफलता का परिणाम है कि आज केंद्र सरकार ने भी महिला सुरक्षा के लिए चलने वाले अभियान का नाम मिशन शक्ति रखा है। यह इस बात को दर्शाता है कि यदि हम कोई भी ऐसा इनीशिएटिव लेंगे जो समाज के सम्मान और स्वावलंबन से जुड़कर व्यापक जागरूकता का कारण बनेगा, तो उसको राष्ट्रव्यापी बनने में देर नहीं लगती।
उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को समय पर सही जानकारी प्रदान की जानी चाहिए, इसलिए आज प्रदेश के सभी 75 जनपदों में एक साथ महिला सुरक्षा के लिए यह जागरूकता रैली निकाली जा रही है। इसके उपरांत प्रत्येक जनपद में कार्यक्रम होंगे। स्कूल और विद्यालयों में प्रभात फेरियां निकाली जा रही हैं। इन जनपदों में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़े हुए क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
यह कार्यक्रम कल से प्रत्येक स्तर पर प्रारम्भ होंगे। जनपद स्तर पर प्रत्येक गांव और नगर निकाय के वॉर्डों में, केंद्र और राज्य सरकार की नारी गरिमा, सुरक्षा और सम्मान से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। लोगों को महिला सुरक्षा से सम्बन्धित विभिन्न मुद्दों से भी अवगत कराया जाएगा।
दूसरी तरफ प्रत्येक थाना क्षेत्र में इनफोर्समेन्ट का भी कार्य होगा। यदि कोई अपराधी महिला सुरक्षा में सेंध लगाने का दुस्साहस करेगा तो उससे सख्ती से निपटने के आदेश दिए गए हैं। जो लोग इस प्रकार के अपराध करने के अभ्यस्त हैं, उनके साथ सख्ती से निपटने की कार्रवाई प्रदेश भर में की जाएगी। प्रत्येक थाना क्षेत्र में महिलाओं के विरुद्ध हुए अपराधों के प्रति हुई कार्यवाही से सम्बन्धित सारे रिकॉर्ड समय पर प्राप्त किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। यह सभी अभियान प्रभावी रूप से आगे बढ़ सकें, इस दृष्टि से यह रैली अत्यन्त महत्वपूर्ण है।

Related Articles

Back to top button