एलपीजी गैस संकट: एजेंसी के बाहर सिलेंडर के लिए हंगामा, लोगों में आक्रोश

कानपुर, यूपी के कानपुर में एलपीजी की किल्लत को लेकर किदवईनगर के मार्बल मार्केट स्थित विजया गैस एजेंसी में मंगलवार सुबह से डीएसी को लेकर शुरू हुआ हंगामा दोपहर तक मारपीट में बदल गया। चिलचिलाती धूप में पांच घंटे से खड़े उपभोक्ताओं में जमकर मारपीट हुई। यह विवाद लाइन के बीच में घुसने पर हुआ था। सूचना पर पुलिस पहुंची, इस दौरान कई सिलेंडर छोड़ भाग निकले, जबकि कुछ को पुलिस उठाकर ले गई।
मार्बल मार्केट की विजया गैस एजेंसी में प्रतिदिन सुबह से लाइन लग जाती है। मंगलवार सुबह करीब 50-60 लोग सुबह छह बजे पहुंच गए। इस दौरान लोगों ने बताया कि कई दिन पहले से बुकिंग कराने के बाद भी डिलीवरी नहीं हो रही है और एजेंसी कर्मचारी संतोषजनक जवाब भी नहीं दे रहे हैं। दोपहर होते-होते उपभोक्ताओं की संख्या 200 पार कर गई। लोगों के मुताबिक, बुकिंग कराने के बाद पहला डीएसी आ चुका है, हालांकि एजेंसी कर्मचारियों का कहना है कि दूसरा डीएसी एजेंसी में पहुंचने पर आएगा, जो कि नहीं आ रहा है। धूप बढ़ने के साथ ही उपभोक्ताओं का सब्र जवाब दे गया। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया। यह देख एजेंसी संचालक के हाथ-पांव फूल गए। घंटों चले हंगामे के बाद किसी तरह सभी को शांत कराया गया।
बीच लाइन में घुसने के विरोध पर मारपीट
हंगामा खत्म होने के बाद मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे लोग चिलचिलाती धूप में कतार में खड़े होकर पर्ची बनवा रहे थे, इसी दौरान कुछ युवक आए और बीच लाइन में लग गए। लोगों ने विरोध किया तो आरोपित गालीगलौज करने लगे। इसके बाद एक युवक को जमीन पर गिराकर जमकर पीटा। कुछ ही देर में महिला समेत आधा दर्जन लोगों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। अफरातफरी का माहौल हो गया। इसपर फिर यूपी-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पुलिस पहुंची तो कई सिलेंडर छोड़ भाग गए। तीन को पुलिस थाने ले गई।
घर में है शादी, विभाग दिलाएगा सिलेंडर
सहालग में गैस सिलेंडर को लेकर हायतौबा के बीच राहत भरी खबर है। शादी समारोह को देखते हुए अब आपूर्ति विभाग सिलेंडर मुहैया करा रहा है। रूपरेखा भी आपूर्ति कार्यालय ने तैयार कर ली है। शादी के कार्ड के साथ प्रार्थना पत्र देने पर सिलेंडर आवंटित हो रहे हैं। सिक्योरिटी जमा कर कॉमर्शियल सिलेंडर आवंटित किए जा रहे हैं।
मध्य पूर्व जंग के बीच कॉमर्शियल सिलेंडर की डिलीवरी पर रोक का असर सीधे सहालग पर पड़ने वाला था। इसे रोकने के लिए प्रशासन ने रूपरेखा तय की है। गैस कंपनियों और एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करके अब सहालग वाले घरों को सिलेंडर मुहैया कराए जा रहे हैं। इसके लिए शादी का कार्ड लगाकर प्रार्थना पत्र आपूर्ति कार्यालय में दिया जा रहा है। डीएसओ की सहमति के बाद गैस कंपनियों से स्वीकृति ली जा रही है।
फिर संबंधित एजेंसियों में सिक्योरिटी जमा कराकर कॉमर्शियल सिलेंडर लिया जा सकता है। सहालग में अब तक 200 से ज्यादा आवेदन आपूर्ति कार्यालय में आ चुके हैं। इनमे कई को कॉमर्शियल सिलेंडर दिलाए भी जा चुके हैं। डीएसओ राकेश कुमार ने बताया कि जरूरत को देखते हुए कॉमर्शियल सिलेंडर गैस कंपनियों व एजेंसियों की मदद से दिलवाएं जा रहे हैं। जिससे दिक्कत न हो।




