featureछत्तीसगढ़रायपुर

गांड़ा समाज ने किया जनगणना अभियान का शंखनाद

उमावाणी न्यूज

गांड़ा समाज ने किया जनगणना अभियान का शंखनाद

जनगणना को लेकर समाज में दिखा जबरदस्त उत्साह

झुग्गी बस्तियों में गूंजा “मैं हूं गांड़ा” का नारा

रायपुर, छत्तीसगढ़, दिनांक 7 जून 2026। राजधानी रायपुर में निवासरत गांड़ा समाज की वास्तविक जनसंख्या, सामाजिक स्थिति एवं भागीदारी के आंकड़ों को व्यवस्थित रूप से संकलित करने के उद्देश्य से आज गांड़ा समाज द्वारा एक ऐतिहासिक जनगणना अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत समाज की अर्ध देवी बूढ़ी माई के गुड़ी में पूजा अर्चना कर रायपुर के सिविल लाइन वार्ड स्थित दुर्गा नगर से की गई, जहां दुर्गा नगर के अध्यक्ष श्री रामू नायक ने सर्वप्रथम जनगणना प्रपत्र भरकर इस महाअभियान का शुभारंभ किया।

इस दौरान समाज के वरिष्ठ नेता किशोर महानंद ने कहा अधिकार मांगने से नहीं बल्कि संगठित होने से प्राप्त होते हैं। यदि समाज को आगे बढ़ना है तो सभी सामाजिक, राजनीतिक एवं वैचारिक मतभेदों से ऊपर उठकर एक मंच पर आना होगा। जनगणना अभियान इसी सामाजिक जागरण और एकता का आधार बनेगा।

इस अवसर पर सामाजिक नेता अधिवक्ता भगवानू नायक ने कहा कि जिस समाज में हमारा जन्म हुआ है, उस समाज के उत्थान और सम्मान के लिए कार्य करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि “पहले हमारा समाज है, बाद में कोई संस्था, संगठन या राजनीतिक दल है। समाज है तो हम हैं, समाज से ही हमारी पहचान है।” उन्होंने समाज के सभी वर्गों, युवाओं, महिलाओं एवं बुद्धिजीवियों से इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

समाज की महिला नेत्री श्रीमती सावित्री जगत ने गांड़ा समाज के सभी परिवारों से अपील की गई है कि वे जनगणना प्रपत्र भरकर इस ऐतिहासिक अभियान को सफल बनाएं तथा आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक मजबूत और संगठित समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर श्री रामू नायक ने कहा कि रायपुर में लाखों की संख्या में गांड़ा समाज के लोग निवास करते हैं, किन्तु वास्तविक जनसंख्या के अभाव में समाज को शासन-प्रशासन के समक्ष अपनी उचित हिस्सेदारी और संवैधानिक अधिकारों की मांग रखने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार इस जनगणना अभियान में सहभागी बने और सामाजिक एकता एवं संगठन का परिचय दे।

 

पूर्व पार्षद व समाज के युवा नेता प्रकाश जगत ने स्पष्ट किया कि जनगणना अभियान का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल या संगठन विशेष का समर्थन नहीं, बल्कि समाज की वास्तविक जनसंख्या, सामाजिक स्थिति, शैक्षणिक स्तर, रोजगार, आर्थिक दशा एवं अन्य आवश्यक आंकड़ों को एकत्रित कर समाज के विकास हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार करना है।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से किशोर महानंद,अधिवक्ता भगवानू नायक, पूर्व पार्षद प्रकाश जगत, महिला नेत्री सावित्री जगत, मीरा सोनी, जीतू सागर, वैष्णव भत्रिया गुड्डू, जीतू नायक, चंदू बघेल, भरत छूरा, हेमलाल नायक, सूरज तांडी, प्रेम तांडी, भरत सोनी, प्रमोद नाग, वीर तांडी, नीरज महानंद, अजय भत्रे, साजन बघेल ,प्रमोद भारती, भगवानू महानंद, महेश तांडी, हेमंत महानंद, दिनेश सोना, करन भत्रे अन्य समाजजन उपस्थित रहे।

भरत छुरा
किशन डोंगरी
मीडिया प्रभारीगण

Related Articles

Back to top button