
उमावाणी न्यूज
टोमन कुमार ने विश्व पैरा तीरंदाजी सीरीज 2026 में कांस्य पदक जीतकर भारत का नाम किया रोशन
विश्व पैरा तीरंदाजी सीरीज – चेक गणराज्य 2026
कैलाश मुरारका ने जानकारी देते हुए बताया कि 26 जून से 5 जुलाई 2026 तक चेक गणराज्य के नोवे मेस्टो ना मोरावे में आयोजित विश्व पैरा तीरंदाजी सीरीज 2026 में भारतीय तीरंदाजी संघ की 32 सदस्यीय पैरा तीरंदाजी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के होनहार पैरा तीरंदाज टोमन कुमार ने अपने साथी श्याम सुंदर स्वामी के साथ टीम स्पर्धा में फ्रांस की मजबूत टीम को 150-148 के रोमांचक अंतर से पराजित कर भारत को कांस्य पदक दिलाया। इस उपलब्धि से न केवल भारत का गौरव बढ़ा है, बल्कि छत्तीसगढ़ का नाम भी अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में और अधिक सम्मान के साथ स्थापित हुआ है।
कैलाश मुरारका ने कहा कि टोमन कुमार पिछले दो वर्षों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 8 से 10 अंतरराष्ट्रीय पदक अपने नाम कर चुके हैं। उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण उन्हें विश्व स्तर के श्रेष्ठ पैरा तीरंदाजों की श्रेणी में स्थापित कर रहे हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि टोमन कुमार का अगला लक्ष्य 2027 के पैरा ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देश के लिए पदक जीतना है। यदि वे इस लक्ष्य को हासिल करते हैं, तो यह पूरे भारत के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के लिए भी अत्यंत गौरव और दोहरी खुशी का अवसर होगा।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, रायपुर के लोकप्रिय सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव, छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ के महासचिव श्री आयुष मुरारका, संघ के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों के खेल प्रेमियों ने टोमन कुमार और श्याम सुंदर स्वामी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि टोमन कुमार आने वाले वर्षों में भारतीय तिरंगे को विश्व के सबसे बड़े खेल मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे और ओलंपिक में पदक जीतकर भारत तथा छत्तीसगढ़ का नाम स्वर्णिम अक्षरों में अंकित करेंगे। उनकी यह उपलब्धि देश के लाखों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।


