featureछत्तीसगढ़

“स्वस्थ परिवार, समृद्ध समाज” के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग चला रहा विशेष जनजागरूकता अभियान

प्रचार-रथ को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना, गांव-गांव पहुंचकर देगा परिवार नियोजन का संदेश

बेमेतरा कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर के मार्गदर्शन में जिले में 11 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। पखवाड़े के तहत परिवार नियोजन सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने तथा छोटे एवं स्वस्थ परिवार की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

पखवाड़े के शुभारंभ अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर ने जनजागरूकता प्रचार-रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार-रथ जिले के सभी विकासखंडों, ग्राम पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों का भ्रमण कर आमजन को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों, स्वस्थ जन्म अंतराल, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा जनसंख्या स्थिरीकरण के महत्व के संबंध में जागरूक करेगा। जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य योग्य दंपत्तियों को स्वस्थ जन्म अंतराल के महत्व से अवगत कराना, प्रसव उपरांत परिवार नियोजन सेवाओं को बढ़ावा देना, परिवार नियोजन के अस्थायी एवं स्थायी साधनों की स्वीकार्यता में वृद्धि करना, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना तथा पात्र दंपत्तियों तक गुणवत्तापूर्ण परिवार नियोजन सेवाओं की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

अभियान के दौरान जिले के सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन संबंधी सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा परामर्श सेवाएं, अस्थायी गर्भनिरोधक साधनों के रूप में कॉन्डोम, माला-एन (ओरल कॉन्ट्रासेप्टिव पिल), आपातकालीन गर्भनिरोधक गोली (ईसीपी) एवं अंतरा इंजेक्शन (इंजेक्टेबल एमपीए) उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही दीर्घकालिक गर्भनिरोधक साधनों के रूप में कॉपर-टी 375 एवं कॉपर-टी 380ए तथा स्थायी परिवार नियोजन के अंतर्गत महिला एवं पुरुष नसबंदी सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं। संस्थागत प्रसव कराने वाली महिलाओं के लिए प्रसव के 48 घंटे के भीतर पीपीआईयूसीडी एवं अंतरा लगाने की सुविधा भी उपलब्ध है।

पखवाड़े के दौरान व्यापक जनजागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक, समूह बैठकें, मितानिनों द्वारा घर-घर संपर्क अभियान, सोशल मीडिया प्रचार, बैनर, पोस्टर एवं ऑटो-रिक्शा के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी स्वास्थ्य संस्थानों का नियमित निरीक्षण कर अभियान की प्रगति की समीक्षा करेंगे तथा सभी स्वास्थ्य केंद्रों में परिवार नियोजन सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने कहा कि “जनसंख्या स्थिरीकरण केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही यह लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। छोटा एवं स्वस्थ परिवार ही समृद्ध समाज की मजबूत नींव है।” मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर ने बताया कि पखवाड़े के दौरान विशेष रूप से युवाओं एवं प्रसव उपरांत महिलाओं पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे पात्र हितग्राहियों को बिना किसी भेदभाव के गुणवत्तापूर्ण परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध कराएं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की जानकारी या परामर्श के लिए अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र अथवा 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन से संपर्क करें।

कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन ने जिले के सभी पात्र दंपत्तियों से अपील की है कि वे अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र अथवा आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ उठाएं तथा “स्वस्थ परिवार, समृद्ध समाज” के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Related Articles

Back to top button