

कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे ध्वजारोहण, परेड को देंगे सलामी
आमा खेरवा ग्राउंड में होगा जिला स्तरीय मुख्य समारोह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संदेश का होगा वाचन
एमसीबी/आगामी 15 अगस्त 2026 को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में राष्ट्रभक्ति, गौरव और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ स्थित आमाखेरवा ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह भव्य एवं गरिमामय रूप से आयोजित किया जाएगा। राज्य शासन द्वारा जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं मनेन्द्रगढ़ विधायक श्री श्याम बिहारी जायसवाल समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। वे राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ करेंगे तथा परेड की सलामी लेंगे।
गृह विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा फहराएंगे मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल
जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा ध्वजारोहण किया जाना जिलेवासियों के लिए गौरव का अवसर होगा। अपने गृह विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में वे राष्ट्रध्वज फहराकर देश की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान प्रकट करेंगे। मंत्री श्री जायसवाल छत्तीसगढ़ शासन में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास तथा 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन जैसे महत्वपूर्ण विभागों का दायित्व संभाल रहे हैं।
मुख्यमंत्री के संदेश का होगा वाचन
मुख्य समारोह में ध्वजारोहण के पश्चात मुख्य अतिथि श्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा परेड का निरीक्षण किया जाएगा तथा परेड की सलामी ली जाएगी। इसके बाद वे प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम जारी संदेश का वाचन करेंगे। समारोह के दौरान राष्ट्रगान सहित देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी देशभक्ति से जुड़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त करेंगे।
विकास की झांकियों में दिखेगी जिले की उपलब्धियां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा जिले में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। इन झांकियों के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जिले में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों, विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभावान व्यक्तियों तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा। इससे जिले में उत्कृष्ट कार्य और जनसेवा के प्रति सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहन मिलेगा।
आमा खेरवा ग्राउंड में तैयारियां अंतिम चरण में
स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय मुख्य समारोह को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। आमा खेरवा ग्राउंड में मंच, बैठक व्यवस्था, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभागीय झांकियों, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा समारोह स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह के मार्गदर्शन में संबंधित विभागों के अधिकारी समारोह की तैयारियों में जुटे हुए हैं। समारोह को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और गरिमामय बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है।
देश की आजादी के 80वें वर्ष के इस ऐतिहासिक अवसर पर जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ में आयोजित होने वाला स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रप्रेम, एकता और विकास के संकल्प का भव्य उत्सव बनेगा। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।




