featureछत्तीसगढ़रायपुर

सामाजिक समानता से देश होगा मजबूत : भगवानू अंबेडकर चौक में धूमधाम से मनाए स्वतंत्रता दिवस

उमावाणी न्यूज

सामाजिक समानता से देश होगा मजबूत : भगवानू

अंबेडकर चौक में धूमधाम से मनाए स्वतंत्रता दिवस

रायपुर, छत्तीसगढ़ , दिनांक 17 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर के हृदयस्थल अंबेडकर चौक स्थित भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष धूमधाम एवं उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर सामाजिक न्याय कार्यकर्ता अधिवक्ता भगवानू नायक सहित बड़ी संख्या में समाजजनों ने राष्ट्रध्वज तिरंगा को सलामी दी और संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिवक्ता भगवानू नायक ने कहा कि देश को आजाद हुए 80 वर्ष हो गए हैं, लेकिन स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ तभी पूरा होगा, जब देश का अंतिम व्यक्ति भी गरीबी, बेरोजगारी, भुखमरी, महंगाई, भ्रष्टाचार और जातिगत भेदभाव से मुक्त होकर सम्मान एवं समान अवसर के साथ जीवन जी सके। सामाजिक न्याय और सामाजिक समानता से हमारा देश मजबूत होगा। स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि आत्ममंथन और संकल्प लेने का भी दिन है।

उन्होंने कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों ने जिस भारत का सपना देखा था, उस भारत के निर्माण के लिए हमें आज फिर संकल्प लेने की आवश्यकता है। ऐसा भारत बनाना होगा जहां अमीरी-गरीबी की खाई कम हो, जाति के आधार पर भेदभाव न हो, हर व्यक्ति को समान सम्मान और अवसर मिले तथा समाज में प्रेम, भाईचारा, समरसता और सामाजिक न्याय की भावना मजबूत हो।

अधिवक्ता भगवानू नायक ने डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर के विचारों को उद्धृत करते हुए कहा कि बाबासाहेब का स्पष्ट मत था कि राजनीतिक स्वतंत्रता तभी सार्थक है, जब उसके साथ सामाजिक और आर्थिक समानता भी सुनिश्चित हो। उनका प्रसिद्ध संदेश “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” आज भी समाज के लिए उतना ही प्रासंगिक है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित समाजजनों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा तथा समतामूलक और समरस भारत के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रमुख सामाजिक नेता श्री आनंद तांडिया, सुनील गणवीर भाजपा नेता बसंत बाघ, देवराज महानंद , पंकज जगत, खाजन क्षत्रि, जितेंद्र नायक, हरिचरण महानंद, जलाल नायक, शशि राम क्षत्रि, बिट्टू क्षत्रि, दुबले तांडी, विजय नायक सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

अधिवक्ता भगवानू नायक
सामाजिक न्याय कार्यकर्ता

Related Articles

Back to top button