लोकतंत्र की रीढ़ हैं मतदाता: राज्य निर्वाचन आयुक्त सिंह
00 निर्वाचन में महिला मतदाताओं की सहभागिता बढऩा हम सबके लिए गर्व की बात - कंगाले 00 निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित

रायपुर। लोकतंत्र में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका मतदाताओं की होती है। मतदाताओं की निर्वाचन में जितनी अधिक संख्या में सहभागिता रहेगी उतना ही लोकतंत्र सशक्त होगा। मतदाता दिवस के आयोजन का उद्देश्य मतदाताओं को मतदान करने के लिए प्रेरित करना है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्वाचन आयुक्त श्री अजय कुमार सिंह ने आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के विवेकानंद सभागार में आयोजित राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री अजय कुमार सिंह ने कहा कि हमारे देश के संविधान में निष्पक्ष चुनाव के लिए अनेक प्रावधान किए गए है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी और सशक्त निर्वाचन के लिए आज ही के दिन निर्वाचन आयोग की स्थापना की गई थी। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि भारत सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। यहां जितने बड़े स्तर पर चुनाव सम्पन्न होता है, उतना अन्य किसी देश में शायद ही होता होगा। उसके बावजूद एक नियत समय में जल्द चुनाव कार्य सम्पन्न होते हैं और चुनाव परिणाम भी आ जाते है। छत्तीसगढ़ में विभिन्न प्रकार की चुनौतियां होने के बावजूद जिस प्रकार चुनाव सफलतापूर्वक कराए जाते हैं, इसके लिए हमारा प्रशासनिक अमला बधाई के पात्र है। उन्होंने कहा कि पहले मतदाता पंजीकरण मेन्यूअल होता था। अब यह काफी आसान हो गया है। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग के अंतर्गत नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।


मतदाता दिवस के अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को मतदाता शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में नव मतदाताओं, सर्विस वोटरों और निर्वाचन कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। रायगढ़ कलेक्टर श्री कार्तिकेय गोयल को प्रदेश में लोकसभा निर्वाचन 2024 में सर्वाधिक 81.66 प्रतिशत मतदान कराए जाने, दुर्ग कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी को शहरी क्षेत्र होने के बावजूद विगत लोकसभा चुनाव की तुलना में वर्ष 2024 में लोकसभा निर्वाचन में मतदान प्रतिशत में 2.48 प्रतिशत वृद्धि, दंतेवाड़ा कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी को धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्र होते हुए भी विगत लोकसभा निर्वाचन की तुलना में लोकसभा निर्वाचन 2024 में 10.39 प्रतिशत वृद्धि के लिए उत्कृष्ट जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में सम्मानित किया गया। रायपुर कलेक्टर श्री गौरव कुमार सिंह को लोकसभा निर्वाचन 2024 के दौरान मतदान दलों का प्रशिक्षण कार्य उत्कृष्ट तरीके से संपन्न कराने, राजनांदगांव जिले की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुश्री सुरुचि सिंह को गुणवत्ता पूर्ण स्वीप गतिविधियां आयोजित करने और मुंगेली जिले के जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पांडे को प्रवासी मजदूरों को मतदान के लिए प्रेरित करने संबंधी स्वीप गतिविधियों के लिए स्पेशल अवार्ड से सम्मानित किया गया।



