
पंजिम, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत जल्दी ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा तथा देश की आर्थिक वृद्धि में ऊर्जा क्षेत्र का महत्व बढ़ रहा है और देश प्राथमिक ऊर्जा के विभिन्न रूपों में प्राकृतिक गैस के उपयोग बढायेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार देश में हर जगह किफायती दर पर ऊर्जा की उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है तथा वैश्विक बाजार में उथल-पुथल के बाद भी भारत एक ऐसा देश है, जहां भी बीते दो वर्षों में पेट्रोल और डीजल के दाम कम हुये हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि देश इस समय विभिन्न प्रकार की प्राथमिक ऊर्जा जिस अनुपात
में कर रहा है, उसमें प्राकृतिक गैस का अनुपात छह प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत तक करने का लक्ष्य है। इसके लिये पांच-छह वर्ष में सात अरब डालर का निवेश करने की योजना है। प्रधानमंत्री गोवा में आयोजित ‘भारत ऊर्जा सप्ताह 2024’ के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। इसमें दुनिया भर से आमंत्रित तेल और प्राकृतिक गैस उद्योग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
श्री मोदी ने गोवा के राज्यपाल पी एस श्रीधरन पिल्लई , मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत , केंद्रीय
मंत्री हरदीप सिंह पुरी, रामेश्वर तेली और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में कहा,
“ भविष्य की इन जरूरतों को देखते हुये, समझते हुये भारत अभी से तैयारी कर रहा है।” उन्होंने दुनिया भर से जुटे इस उद्योग के प्रतिनिधियों को आपस में उन्नत प्रौद्योगिकीय सहयोग करने , एक-दूसरे से सीखने और स्वस्थ ऊर्जा के स्रोतों के विकास में सहयोग
करने का आह्वान किया।



