छत्तीसगढ़

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से युवक की जान गई, मोबाइल हुआ क्षतिग्रस्त

धमतरी: जिले के भटगांव गांव में एक दर्दनाक हादसे में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बिजली गिरने से उसका मोबाइल फोन ब्लास्ट हो गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।

टाइल्स के काम का निरीक्षण करते वक्त हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, स्थानीय निवासी रोहित सिन्हा काम से लौटने के बाद रात में अपने घर के पीछे बाड़ी में चल रहे टाइल्स के काम को देखने गया था। उसी दौरान तेज गर्जना के साथ आसमान से बिजली गिरी, जो सीधे रोहित के मोबाइल पर गिरी और फोन में जोरदार विस्फोट हो गया।

परिजन पहुंचे मौके पर, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

बिजली गिरने की आवाज सुनकर परिजन भागकर मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में रोहित को पड़ोसियों की मदद से तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार में छाया मातम

अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार और गांव में शोक की लहर है। प्रशासन ने घटना की जानकारी ले ली है और मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की है।

 

 

Related Articles

Back to top button