
नई दिल्ली. डिफेंस सेक्टर की चर्चित कंपनी जेन टेक्नोलॉजीज के शेयरों में आज फिर से 5 प्रतिशत का अपर सर्किट लगा है। जिसके बाद कंपनी के शेयरों का भाव 755.05 रुपये के लेवल पर पहुंच गया। इससे पहले जेन टेक्नोलॉजीज के शेयरों में शुक्रवार को भी 5 प्रतिशत का अपर सर्किट लगा था। बता दें, कंपनी के शेयरों में आई तेजी के पीछे की बड़ी वजह हाल ही में मिला रक्षा मंत्रालय से वर्क ऑर्डर है।
रक्षा मंत्रालय ने दिया करोड़ों रुपये का काम
कंपनी ने शेयर बाजारों को दी जानकारी में बताया है कि उन्हें 227.65 करोड़ रुपये के वर्क ऑर्डर रक्षा मंत्रालय से मिले हैं। इस खबर के आने के बाद आज कंपनी के शेयरों में तूफानी तेजी देखने को मिली है। बता दें, बीते कुछ महीनों के दौरान डिफेंस कंपनियों के शेयरों की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिली है।
भारत हथियार आयात करने वाले देशों की सूची में शामिल है। हर साल बजट का एक बड़ा हिस्सा हथियार खरीदने पर खर्च किए जाते हैं। सरकार इसी खर्च में कटौती करने के लिए मेड इन इंडिया प्रोग्राम पर जोर दे रही है। इसी वजह से घरेलू कंपनियों को डिफेंस ऑर्डर मिल रहे हैं। और उनके शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है।
शेयर बाजार में कंपनी का दमदार प्रदर्शन
पिछले 6 महीने के दौरान कंपनी के शेयरों की कीमतों में 152 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली है। वहीं, एक साल पहले जेन टेक्नोलॉजीज के शेयर को खरीदकर होल्ड करने वाले निवेशकों को अबतक करीब 300 प्रतिशत का फायदा हो चुका है।



