15 तीर्थयात्रियों का टेम्पो ट्रेवलर 11 हजार वोल्ट के बिजली तारों में फंसा, मदद को चीख-पुकार

वाहे गुरू ने मौत भी दिखा दी और जिंदगी भी बचा ली। नई जिंदगी देने के लिए उनका शुक्रिया अदा करने के लिए हमारे पास अल्फाज नहीं हैं। जिन्होंने हमें मौत के चंगुल से छुड़ाया, रब उनके परिवार को हर दिन खुश रखे। हेमकुंड जा रहे पाकिस्तानी तीर्थयात्रियों ने कुछ इस तरह चमोली पुलिस को धन्यवाद दिया।
दरअसल पाकिस्तान का एक दल हेमकुंड यात्रा पर जा रहा था। उनका वाहन असंतुलित होकर खाई की तरफ बिजली की लाइन पर जा अटका। 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन आटोमैटिक ट्रिप हो जाने के कारण यात्री करंट की चपेट में आने से बच गए। लेकिन तारों में लटकी बस के कारण यात्रियों की जान आफत में पड़ गई और वहां चीख पुकार मच गई।
ट्रिप लाइन 10 मिनट बाद स्वचालित प्रक्रिया से बहाल हो जाती, इससे पहले पुलिस ने समय रहते ऊर्जा निगम को सूचना देकर बिजली कटवा दी। इससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। समूचे घटनाक्रम के दौरान 15 तीर्थयात्रियों की जान सूख गई। सोमवार को पाकिस्तान से आए तीर्थयात्रियों का एक दल पवित्र धाम हेमकुंड साहिब जा रहा था।
शाम लगभग साढ़े छह बजे वाहन जब गोविंदघाट गुरुद्वारे की ओर जा रहा था, तभी पास में बहुत तेज ढलान होने के कारण वाहन टेम्पो ट्रेवलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई की ओर 11 हजार वोल्ट की हेवी बिजली लाइन में जा फंसा। वाहन में महिला, पुरुष और बच्चों समेत कुल 15 लोग सवार थे।
वाहन के तारों में फंसते ही तीर्थयात्रियों ने चीख पुकार मचाना शुरु कर दिया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गोविन्दघाट पुलिस फोर्स समेत तुरंत मौके पर पहुंचे। रास्ते से ही पुलिस ने इसकी सूचना ऊर्जा निगम को देते हुए संबंधित लाइन में बिजली आपूर्ति बंद करवा दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने वाहन में फंसे तीर्थयात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम शुरू किया गया।
वाहन को दो जेसीबी मशीनों की सहायता से सुरक्षित सड़क पर लाया गया। जान बचने पर पाकिस्तानी तीर्थयात्रियों ने पुलिस के कार्य की सराहना की। उधर, घटना का पता चलते ही गुरुद्वारा ट्रस्ट ने भी पुलिस का आभार जताया।
पुलिस की सतर्कता से टला हादसा
ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना ने बताया कि नई तकनीकी के चलते जब वाहन तारों से टकराया तो आटोमैटिक लाइन ट्रिप हो गई थी। लेकिन दस मिनट बाद ही वह रिस्टोर हो जाती है। अगर पुलिस समय पर सूचना न देती तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस से सूचना मिलते ही क्षेत्र की लाइनों को तुरंत बंद कर दिया गया। इससे हादसा टाला जा सका।



