featureछत्तीसगढ़

कच्ची महुआ शराब पर आबकारी की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 76 हजार का माल जब्त

बलौदाबाजार। जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कच्ची महुआ शराब और महुआ लाहन जब्त किया है। इस कार्रवाई में कुल जब्ती का बाजार मूल्य लगभग 76 हजार रुपये आंका गया है। विभाग की इस पहल से अवैध शराब के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग की टीम ने रोहांसी के पास धमनी क्षेत्र में महानदी के किनारे दबिश दी। कार्रवाई के दौरान टीम को लावारिस हालत में रखी गई 20 लीटर हाथभट्ठी कच्ची महुआ मदिरा बरामद हुई। इसके साथ ही 40 बोरियों में भरा हुआ सड़ा महुआ लाहन भी जब्त किया गया। प्रत्येक बोरी में लगभग 30 किलोग्राम लाहन भरा हुआ था, इस तरह कुल 1200 किलोग्राम महुआ लाहन जब्ती में शामिल है। आबकारी विभाग के अनुसार जब्त की गई हाथभट्ठी कच्ची महुआ शराब का मूल्य करीब 4 हजार रुपये और महुआ लाहन का बाजार मूल्य लगभग 74 हजार रुपये आंका गया है। इस प्रकार कुल जब्ती की कीमत लगभग 76 हजार रुपये बताई जा रही है। यह सामग्री अवैध रूप से शराब निर्माण के उद्देश्य से महानदी किनारे छिपाकर रखी गई थी। कार्रवाई के दौरान मौके पर कोई आरोपी उपस्थित नहीं मिला, जिस कारण यह जब्ती लावारिस अवस्था में की गई। आबकारी विभाग द्वारा अज्ञात आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) और 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। विभाग का कहना है कि आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

आबकारी अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीण और नदी किनारे के इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, क्योंकि इन क्षेत्रों में अवैध महुआ शराब बनाने की गतिविधियां अधिक पाई जाती हैं। भविष्य में भी इसी तरह सघन कार्रवाई जारी रहेगी। इस पूरी कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी जलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में आबकारी उपनिरीक्षक पी. माधव राव, नगर सैनिक कमल वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल आबकारी विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button