featureउत्तर प्रदेश

कानपुर में बेटी से छेड़खानी का विरोध करने पर पिता की बेरहमी से हत्या, कढ़ाई से सिर पर किए ताबड़तोड़ वार

कानपुर, यूपी के कानपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां ग्वालटोली थाना क्षेत्र के खलासी लाइन में बेटी से छेड़खानी के विरोध में 60 वर्षीय लकवाग्रस्त वृद्ध की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि मोहल्ले के युवक साहिल ने अपने भाई, मां और बहन के साथ मिलकर वृद्ध को पीटने के बाद सिर व चेहरे पर कढ़ाई से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार साहिल पहले से बेटी से छेड़खानी करता था। शनिवार को मारपीट के बाद रविवार को जब पत्नी और बेटी शिकायत लेकर थाने गई थीं तभी आरोपित घर में घुस आए और वारदात को अंजाम दिया। घर लौटने पर वृद्ध खून से लथपथ मिले। आनन-फानन में उन्हें हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर साहिल, मां राधा, बहन कोमल और भाई करन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया, पहले हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया था, जिसे अब बढ़ाया जाएगा। लापरवाही पर खलासी लाइन चौकी इंचार्ज शिवम को निलंबित कर दिया गया है।

एक दिन पहले पीटा, दूसरे दिन मार डाला

चलने-फिरने में लाचार पति को देख पत्नी घरों में खाना बनाकर परिवार का भरण-पोषण करती है। तब घर में अकेले मौजूद बेटी से साहिल अक्सर छेड़खानी करता था। यहां तक कि कई बार मोबाइल नंबर भी मांग चुका है। आरोप है कि किसी तरह आरोपित साहिल हाईस्कूल में पढ़ने वाली किशोरी का नंबर पा गया और फिर परेशान करने लगा। फोन पर रोजाना की कमेंटबाजी का सुन किशोरी नंबर भी बदल चुकी है। वहीं, पीड़ित परिवार किशोरी से छेड़छाड़ व बेड टच के मामले में तीन साल में छह शिकायतें कर चुकी थे।

पुलिस सुन लेती तो जिंदा होते हमारे पिता

छोटी बेटी ने पुलिस पर एकाएक कई आरोप लगाए। आरोप है कि पुलिस की लापरवाही से उनके पिता की जान गई है। मां की शिकायत पर अगर पुलिस उसी दिन कार्रवाई कर देती तो पिता आज जिंदा होते। सुनवाई न होने पर जब मैं मां के साथ अगले दिन थाने पहुंची तो आरोपित साहिल ने परिवार के साथ मिलकर पिता की दोपहर में हत्या कर दी।

सामने आई पुलिस की लापरवाही

खलासी लाइन में बेटी से छेड़छाड़ के विरोध पर पीट-पीटकर हुई लकवाग्रस्त पिता की हत्या के मामले में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। किशोरी को परेशान करने वाले आरोपी युवक साहिल ने शनिवार को भी घर में घुसकर उसके पिता से मारपीट की थी। तब मां-बेटी ने चौकी में इसकी शिकायत भी की थी। कोई कार्रवाई न होने पर दोनों ग्वालटोली थाने गईं थीं। आरोप है कि पुलिस से शिकायत करने की खुन्नस में ही आरोपी ने अपने भाई, मां और बहन के साथ मिलकर रविवार को दोबारा पिता पर हमलाकर मार डाला। युवती का आरोप है कि पुलिस यदि पहले दिन ही कार्रवाई करती तो आज उसके पिता जिंदा होते। शिकायत के 16 घंटे बाद भी पुलिस घर में झांकने तक नहीं आई थी।

पुलिस पर तहरीर बदलवाने का आरोप

एक तरफ जहां गाली-गलौज के विरोध में वृद्ध के सिर व मुंह पर जान से मारने की नीयत से कढ़ाई से हमले का आरोप है। मृतक की बेटी व दामाद ने छेड़खानी के विरोध में वृद्ध की हत्या की बात कही है। आरोप है कि एक तो पुलिस ने पहले सुनीं नहीं, फिर छेड़खानी की जगह गाली-गलौज के विरोध में मौत के घाट उतारने की बात लिखवाईं, जो गलत है।

Related Articles

Back to top button