featureउत्तर प्रदेश

अखिलेश यादव ने BJP पर किया तीखा हमला, कहा- ‘अब इनकी चार सौ बीसी नहीं चलने वाली’


लखनऊ। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव देश को बचाने का चुनाव है। यह लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश को लूट लिया है। पूरी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है। भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार और लूट के सारे रिकार्ड तोड़ दिये हैं। पूरब से पश्चिम तक हर विभाग और हर कार्य में कमीशनखोरी और लूट है। बजट का पैसा विकास के बजाय भाजपा नेताओं की जेबों में जा रहा है।

बूथ स्तर पर पूरी ताकत से काम करें

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण हैं। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं की बड़ी जिम्मेदारी है। विधानसभा चुनाव को 2024 के लोकसभा चुनाव से भी बड़े अंतर से जीतना है। जीत का लक्ष्य बनाकर 2027 का लक्ष्य प्राप्ति के लिए बूथ स्तर पर पूरी ताकत से काम करना है।

सपा को बदनाम करना भाजपा का एजेण्डा

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं और नेताओं को भाजपा से सावधान करते हुए कहा कि भाजपा चुनाव में भ्रष्ट तरीकों से लोकतंत्र की पवित्रता नष्ट करने की साजिश करती है। सत्ता का दुरूपयोग करती है। समाजवादी पार्टी को बदनाम करना भाजपा का एजेण्डा है। भाजपा ने प्रदेश का विकास अवरूद्ध किया है, इसके फैसलों से जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है। महंगाई, बेरोजगारी से हर वर्ग परेशान है। भाजपा घबराई है। भाजपा नेतृत्व हताशा का शिकार है। बौखलाहट में समाजवादी पार्टी पर झूठे आरोप लगा रहा है।

भाजपा सबसे झूठी पार्टी

सपा मुखिया ने कहा कि देश जानता है, भाजपा सबसे झूठी पार्टी है। इसकी साख खत्म हो चुकी है। सत्ता के अहंकार में मदहोश हैं। भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा जनता के सामने आ गया है। यही कारण है कि वह सत्ता से बाहर जा रही है। जनता ने भाजपा की बेईमानी पकड़ ली है। अब इनकी चार सौ बीसी नहीं चलने वाली है। जनता चुनाव का इंतजार कर रही है, वह भाजपा की नफरत की राजनीति का खात्मा करने को तैयार है।

Related Articles

Back to top button