भाजपा से संविधान व आरक्षण को कोई खतरा नहीं – विष्णु देव साय

जैजैपुर ।। हमारा सौभाग्य है कि हमें नरेंद्र मोदी जैसा प्रधानमंत्री मिला जिन्होंने अपने दस साल के प्रधानमंत्रित्व काल में गरीब, किसान, मजदूर, महिलाओं सहित सबके उत्थान के लिए कार्य किया है। प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी देश हित में 18-18 घंटे कार्य करते हैं। प्रधानमंत्री के रूप में देश हित में लिए उनके ऐतिहासिक फैसलों से वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। सदियों से प्रतीक्षित अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण, जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटना, जैसे कार्य नरेन्द्र मोदी के शासनकाल में ही संभव हो सका है। देश को आगे ले जाने तथा भारत को फिर से विश्व गुरू बनाने बहुत जरूरी है नरेंद्र मोदी का देश का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनें। उक्त बातें छत्तीसगढ़ प्रदेश के मुखिया विष्णु देव साय ने मालखरौदा में भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए कही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी कमलेश जांगड़े को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान करते हुए आगे कहा कि नरेंद्र मोदी जब तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे तब अगले पांच सालों में देश दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कांग्रेसी भ्रम फैला रहे कि संविधान को खतरा है। संविधान को कोई खतरा नहीं, आरक्षण भी खत्म नहीं होगा यह बात हमारे प्रधानमंत्री कई बार चुके हैं। कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को अपना हार स्पष्ट नजर आ रहा है इसलिए कांग्रेसी जन अनाप-शनाप बयान बाजी कर रहे हैं हम सबको इनके भ्रामक बातों से बचना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा हमारी सरकार ने अल्प समय में ही महतारी वंदन, 3100 रू प्रति क्विंटल में धान खरीदी, दो साल का बकाया बोनस, अंतर की राशि, 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति जैसे मोदी की गारंटी को पूरा कर हमने जनता के दिलों में अपना विश्वास पहले से और भी अधिक मजबूत बनाया है। विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी कमलेश जांगड़े ने बाबा गुरू घासीदास और संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर को नमन करते हुए कहा कि यह चुनाव देश की दशा व दिशा बदलने वाला चुनाव है। नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है।
भाजपा प्रत्याशी कमलेश जांगड़े ने आगे विष्णु देव सरकार की कार्यों की तारीफ करते हुए कि विष्णु देव सरकार सांय-सांय विकास कार्य कर रही है यही वजह है कि कांग्रेसी आयं-बायं जवाब दे रहे हैं। सांसद गुहाराम अजगल्ले ने कहा देश को आवश्यकता है कि नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने। इसके लिए जरूरी है कि जांजगीर-चांपा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी कमलेश को जीत दिलाएं। इस मौके पर मंचस्थ अतिथियों में सांसद गुहाराम अजगल्ले, प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल सिन्हा, भाजपा प्रत्याशी कमलेश जांगड़े, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, गुरपाल सिंह भल्ला, जिलाध्यक्ष कृष्णकांत चंद्रा, डा खिलावन साहू, बहुरानी संयोगिता सिंह, दिनेश जांगड़े, पीताम्बर पटेल, कार्तिकेश्वर स्वर्णकार, विद्या सिदार, नेतराम चंद्रा, चंद्र कुमार, भूपेन्द्र यादव, केशव चन्द्र, गीतांजलि पटेल तथा संजय रामचंद्र सहित नेताओं के नाम शामिल थे। गौरतलब हो कि 18वें लोकसभा के लिए हो रहे आम चुनाव के लिए आगामी 7 मई को तीसरे चरण के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश के बचे सभी लोकसभा सीट के लिए मतदान होना है। इनमें से जांजगीर-चांपा संसदीय सीट प्रदेश में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है।
इस सीट पर 2004 से लगातार भाजपा के प्रत्याशी लगातार विजयी होते रहे हैं। यही वजह है कि इस बार भी भाजपा इस सीट पर जीत का परचम लहराने एड़ी चोटी का जोर लगाते दिख रही है। छत्तीसगढ़ प्रदेश में सर्वाधिक चर्चित सीटों में शुमार इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी कमलेश जांगड़े के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करने स्वयं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी जेठा-सक्ती पहुंचे हुए थे। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित भाजपा के तमाम बड़े नेताओं की बड़ी सभाएं निरंतर आयोजित हो रही है। इधर आगामी 7 मई को होने वाले तीसरे चरण के मतदान के लिए अब प्रचार अंतिम चरण की ओर है। इस चरण के लिए 5 मई की शाम प्रचार अभियान थम जाएगी। लिहाजा अंतिम दौर में सभी राजनीतिक दल एड़ी चोटी का जोर लगाते दिख रहीं हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि जांजगीर-चांपा लोकसभा सीट पर पर भाजपा अपना पिछला चमकदार प्रदर्शन दोहरा पाती भी है या नहीं?




