
पश्चिम बंगाल चुनाव में बड़ी जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी हो गईं हैं। पार्टी के प्रदेश प्रमुख शमिक भट्टाचार्य ने कहा है कि 9 मई यानी शनिवार को समारोह आयोजित किया जाएगा। हालांकि, अब तक यह साफ नहीं हो सका है कि भाजपा मुख्यमंत्री पद के लिए किस नेता के नाम पर मुहर लगाने जा रही है। फिलहाल, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराने वाले शुभेंदु अधिकारी का नाम रेस में सबसे आगे माना जा रहा है।
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में भट्टाचार ने साफ किया है कि बंगाल के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को होगा। खास बात है कि उस दिन रविंद्र नाथ टैगोर की जयंती भी है। कहा जा रहा है कि इसके चलते ही भाजपा ने 9 मई का दिन चुना है। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। फिलहाल, यह भी साफ नहीं है कि शनिवार को कितने मंत्री शपथ लेंगे।
बंगाल का CM कौन बनेगा
खबरें हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार और बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ बैठक कर सकते हैं। कहा यह भी जा रहा है कि मंगलवार या बुधवार को ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बंगाल की राजधानी कोलकाता पहुंच सकते हैं और भाजपा के विधायकों के साथ मीटिंग कर सकते हैं।
पार्टी की राष्ट्रीय संसदीय समिति मुख्यमंत्री और मंत्री पदों के लिए नामों पर मुहर लगाएगी। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में भाजपा सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि बंगाल के CM का नाम पीएम मोदी, शाह, नवीन और भाजपा के बड़े नेताओं की बैठक में तय होगा। उस दौरान राज्य के नेताओं और केंद्रीय पर्यवेक्षकों की तरफ से आए इनपुट्स पर भी चर्चा की जाएगी।
रिपोर्ट के अनुसार, सूत्रों ने बताया है कि भट्टाचार्य और अधिकारी को अगले कुछ ही दिनों में दिल्ली तलब किया जा सकता है। वहीं, उनकी बैठक कब और किसके साथ होनी है, यह अब तक साफ नहीं हो सका है।
रेस में कौन
भाजपा ने अब तक नहीं बताया है कि किन नामों पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, रेस में भवानीपुर और नंदीग्राम से जीतने वाले शुभेंदु अधिकारी हो सकते हैं। वह, 2021 में जीतने के बाद विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और 2026 में दूसरी बार ममता बनर्जी को हराया है। वहीं, लिस्ट में भट्टाचार्य, दिलीप घोष, उत्पल महाराज का नाम भी हो सकता है।




