
“आम नागरिक हो या हाई प्रोफाइल व्यक्ति, हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई हमारी प्राथमिकता” : डॉ संजीव शुक्ला
सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाल आरोपी तक पहुंची पुलिस
छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद
क्राइम ब्रांच और थानों की संयुक्त टीमों ने की त्वरित कार्रवाई
रैपिडो चलाने वाला आरोपी राजीव नगर से हिरासत में लिया गया
रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल छीनने की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को घटना के महज 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त मोटर सायकल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार सोमवार 18 मई 2026 की सुबह धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के लिए अपने शासकीय निवास से निकले थे। सुबह लगभग 7:15 बजे पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे एक अज्ञात मोटर सायकल सवार युवक ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्राइम ब्रांच एवं विभिन्न थानों की संयुक्त टीमों को तत्काल आरोपी की पतासाजी में लगाया गया। जांच के दौरान घटना स्थल और संभावित रूट के आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्म अवलोकन किया गया। इसके साथ ही तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस को सक्रिय करते हुए आरोपी की लगातार तलाश की जाती रही।
त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप पुलिस ने घटना के मात्र 8 घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मणिकांत ध्रुव पिता राजेंद्र ध्रुव उम्र लगभग 19 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी मूलतः जिला बलौदाबाजार-भाटापारा का निवासी है तथा वर्तमान में थाना खम्हारडीह क्षेत्रांतर्गत राजीव नगर रायपुर में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी यदा-कदा रैपिडो चलाने का कार्य भी करता था।
Dr Sanjeev Shukla ने कहा कि रायपुर पुलिस कमिश्नरेट प्रत्येक अपराध को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई कर रहा है। चाहे शिकायत किसी आम नागरिक की हो अथवा किसी हाई प्रोफाइल व्यक्ति की, हर मामले में समान संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की शीघ्र पहचान, गिरफ्तारी तथा छीने और चोरी गए माल मशरूका की बरामदगी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


