featureछत्तीसगढ़

सुशासन तिहार 2026 : ’कटई में लगा जन समस्या निवारण शिविर, विभिन्न योजनाओं से हितग्राही हुए लाभान्वित’

रायपुर, सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत बेमेतरा जिले के जनपद पंचायत नवागढ़ के ग्राम पंचायत कटई स्थित शासकीय हाई स्कूल मैदान परिसर में आज विशाल जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति में आयोजित शिविर में आम नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं, जिनका यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया गया। ग्रामीणों में शिविर को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को तत्काल लाभ भी प्रदान किया गया।

विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में खाद्य विभाग, पंचायत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। खाद्य विभाग द्वारा पात्र परिवारों को नवीन राशन कार्ड वितरित किए गए, जिससे उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ प्राप्त हो सकेगा। पंचायत विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत हितग्राहियों को उनके नए आवास की चाबियां सौंपी गईं। अपने पक्के घर की चाबी पाकर हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान वय वंदन कार्ड प्रदान किए गए, जिससे वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नोनी सुरक्षा योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत बालिकाओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके भविष्य को सुरक्षित एवं सशक्त बनाने का संदेश दिया गया द्य  प्रधानमंत्री वय वंदन योजना अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सामाजिक सुरक्षा एवं आर्थिक संबल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, प्रोत्साहन राशि देकर बढ़ाया उत्साह
शिविर के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का भी विशेष सम्मान किया गया। कक्षा 12वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 10 मेधावी विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इसी प्रकार कक्षा 10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 27 विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली बच्चे निरंतर आगे बढ़ रहे हैं और शासन उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विद्यार्थियों से कठिन परिश्रम कर जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। प्रोत्साहन राशि प्राप्त कर विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों में खुशी का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने शासन द्वारा प्रतिभाओं को सम्मानित किए जाने की पहल की सराहना की।
जनता से सीधा संवाद, आवेदन देने के लिए किया प्रेरित

मंत्री दयाल दास बघेल ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए नागरिकों का जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों को अपनी समस्याएं एवं मांगें लिखित आवेदन के माध्यम से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासन का उद्देश्य प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविरों के माध्यम से मौके पर ही समस्याओं का सत्यापन एवं निराकरण किया जा रहा है तथा पात्र हितग्राहियों को तत्काल योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है।

अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश
प्रशासनिक अधिकारियों को संबोधित करते हुए मंत्री श्री बघेल ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि केवल कागजी कार्यवाही तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर त्वरित और प्रभावी कार्य सुनिश्चित करें।उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन समस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।

सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की दी जानकारी
अपने उद्बोधन में मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण एवं गरीब वर्ग के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में नल-जल योजना की गड़बड़ियों को दूर कर प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि प्रदेश में 18 लाख आवास निर्माण का लक्ष्य लेकर कार्य किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराया जा सके। किसानों को धान का उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। मंत्री श्री बघेल ने महतारी वंदन योजना, आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज, राशन कार्ड निर्माण, तीन माह का चावल एक साथ वितरण, सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी।

शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण, समस्याओं का हुआ निराकरण
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण राशन कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली, पेयजल, नामांतरण, सीमांकन एवं कृषि संबंधी समस्याओं को लेकर पहुंचे। मंत्री श्री बघेल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को पात्रता अनुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल आपूर्ति सुचारु बनाए रखने तथा बिजली कटौती की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, सरपंचगण, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button