भीषण गर्मी में बिजली कटौती से सड़क पर उतरे लोग, मायावती ने राज्य सरकार से तत्काल सुधार की मांग की

बीएसपी चीफ मायावती ने यूपी में भीषण गर्मी के बीच हो रही बिजली कटौती को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रदेश में बिजली की कम आपूर्ति और लगातार कटौती से आम लोगों का जीवन बेहद कठिन हो गया है। बसपा प्रमुख ने कहा कि खासकर गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, छोटे व्यापारी और मेहनतकश लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं। उन्होंने कहा कि बिजली संकट को लेकर जनता में भारी नाराजगी है और लोग विभिन्न माध्यमों से अपना आक्रोश भी जाहिर कर रहे हैं, जिसकी चर्चा मीडिया में लगातार हो रही है।
उन्होने प्रदेश सरकार से अपील करते हुए कहा कि लोगों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए बिजली आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए। साथ ही भविष्य में बिजली संकट से बचने के लिए नए पावर प्लांट स्थापित करने और उत्पादन क्षमता बढ़ाने जैसे कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि ऐसा करना व्यापक जनहित में होगा।
आपको बता दें लखनऊ में भीषण गर्मी के बीच बढ़ते बिजली संकट को लेकर सरोजनीनगर से भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को पत्र लिखा है। उन्होंने एक स्थायी कार्ययोजना बनाने की मांग की है। विधायक ने अपने पत्र में बार-बार बिजली कटौती, लो वोल्टेज, ट्रांसफार्मर ओवरलोड, फीडर ट्रिपिंग, अंडरग्राउंड केबल फॉल्ट और शिकायतों के निस्तारण में देरी को आम जनता के लिए गंभीर परेशानी बताया। उन्होने पत्र में उल्लेख किया कि यह समस्या केवल इस वर्ष की नहीं है, बल्कि हर गर्मी में सामने आती है।
उन्होंने अस्थायी मरम्मत के बजाय स्थायी समाधान तैयार करने पर जोर दिया। विधायक ने सरोजनीनगर क्षेत्र के उत्तरेठिया, बीबीयू, नादरगंज, गहरू और बनी पावरहाउस से जुड़े इलाकों में लगातार लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की शिकायतों का भी जिक्र किया। वहीं लखनऊ में रायबरेली रोड पर भीषण बिजली संकट से त्रस्त लोगों का सब्र गुरुवार को आखिरकार टूट गया। उतरेठिया और अंबेडकर उपकेंद्र की बदहाल व्यवस्था के विरोध में बलदेव विहार, मवैया, देवीखेड़ा समेत आसपास के दर्जनों इलाकों के सैकड़ों आक्रोशित लोग सड़कों पर उतर आए।
वहीं गोंडा में लगातार हो रही बिजली कटौती के खिलाफ गुरुवार रात लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज उपभोक्ताओं ने लखनऊ-गोंडा हाईवे स्थित अंबेडकर चौराहे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोगों ने आपूर्ति व्यवस्था सुधारने की मांग की। जाम के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर में पिछले कई दिनों से अघोषित बिजली कटौती हो रही है। 24 घंटे में मुश्किल से 14 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। बार-बार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज से लोग परेशान हैं। भीषण गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चली वार्ता के बाद प्रशासन ने जल्द व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया, तब जाकर जाम समाप्त हुआ।




