featureछत्तीसगढ़

धमतरी में सनसनी: घर के अलग-अलग कमरों में फंदे पर लटके मिले बुजुर्ग दंपति, आत्महत्या या साजिश? जांच में जुटी पुलिस

धमतरी : धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई. जब एक बुजुर्ग दंपति के शव उनके ही घर में फंदे पर लटके मिले. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी तादाद में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. मृतकों की पहचान नंदकुमार साहू और उनकी पत्नी सुशीला बाई के रूप में हुई है. दोनों एक संपन्न परिवार से थे. बुजुर्ग दंपति की इस तरह हुई मौत ने ग्रामीणों को स्तब्ध कर दिया.
मिली जानकारी के मुताबिक कुरूद थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरेतरा गांव में रोजाना की तरह एक महिला घर में काम करने पहुंची. जब उसने घर के भीतर प्रवेश किया तो वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए. कमरे में बुजुर्ग दंपति के शव पंखे से फंदे के सहारे लटके हुए थे. महिला ने फौरन आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी. देखते ही देखते बड़ी तादाद में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.
घटना के समय उनका बेटा पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने अपने परिवार के साथ ससुराल गया था. घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था. मामले को और भी रहस्यमय इसलिए माना जा रहा है क्योंकि दंपति के शव घर के दो अलग-अलग कमरों में फंदे पर लटके मिले हैं. एक ही घर में अलग-अलग स्थानों पर दोनों के शव मिलने से घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि दंपति सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे थे और परिवार आर्थिक रूप से भी संपन्न था. ऐसे में अचानक हुई इस घटना ने सभी को हैरान कर दिया है. ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. कुछ लोग इसे आत्महत्या का मामला मान रहे हैं. जबकि कुछ लोगों का मानना है कि मामले की गहराई से जांच की जानी चाहिए.
घटना की खबर मिलते ही कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरुरी सबूत इकठ्ठा किया. दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह का खुलासा हो सकेगा.
पुलिस फिलहाल आत्महत्या, पारिवारिक हालात और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. घटनास्थल की  हालात और उपलब्ध सबूतों के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचना सहीं होगा.

Related Articles

Back to top button