राष्ट्रीय

रेड्डी ने त्रिपुरा के राज्यपाल पद की शपथ ली

अगरतला, तेलंगाना के वरिष्ठ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता इंद्र सेना रेड्डी नल्लू ने गुरुवार को यहां राजभवन दरबार हॉल में एक औपचारिक समारोह में त्रिपुरा के 20वें राज्यपाल के रूप में पदभार संभाला।
श्री रेड्डी ने सत्यदेव नारायण आर्य का स्थान लिया, जिन्होंने जुलाई 2021 में हरियाणा से त्रिपुरा में स्थानांतरित होने के बाद दो साल से अधिक समय तक राज्यपाल के रूप में कार्य किया। श्री आर्य (85) हरियाणा और त्रिपुरा में राज्यपाल के रूप में अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद सेवानिवृत्त हुए और पटना में अपने घर लौट आए।
त्रिपुरा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह ने श्री रेड्डी को पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा और उनके कैबिनेट सहयोगियों, शीर्ष अधिकारियों तथा गणमान्य व्यक्तियों सहित कई लोग उपस्थित थे।
श्री रेड्डी ने कार्यभार संभालने के तुरंत बाद कहा, ‘मुझे त्रिपुरा में संविधान की रक्षा की जिम्मेदारी दी जा रही है और मैं इसे निभाऊंगा। मैं त्रिपुरा के लोगों की सेवा करने और विकास की प्रक्रिया में योगदान करने का अवसर पाकर खुश हूं।’ उल्लखेनीय है कि श्री रेड्डी भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव हैं और अविभाजित आंध्र प्रदेश के अध्यक्ष रह चुके हैं। भाजपा से तीन बार विधायक रहे। वह पहली बार 1983 में 33 साल की उम्र में चुने गए, उसके बाद 1985 और 1999 में चुने गए। उन्हें गत 18 अक्टूबर को त्रिपुरा का राज्यपाल नियुक्त किया गया था।

Related Articles

Back to top button