26 जुलाई को रायपुर में होगा भव्य कारगिल विजय दिवस समारोह
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद जिला इकाई रायपुर छत्तीसगढ़ के तत्वाधान में कारगिल युद्ध के योद्धाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने एवं आम लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत करते हुए युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद रायपुर ने कारगिल विजय दिवस समारोह का आयोजन किया है। कारगिल युद्ध के अंतिम पड़ाव में छत्तीसगढ़ के माटी पुत्र शहीद कौशल यादव ने 25 जुलाई 1999 को अपना सर्वस्व न्योछावर करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। शहीद कौशल यादव को भारत सरकार द्वारा मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित किया गया। जिनकी शहादत को याद करते हुए 25 जुलाई शाम 4:30 बजे आकाशवाणी चौक में शहीद कौशल यादव के सम्मान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन तत्पश्चात भव्य बाइक रैली के साथ नगर भ्रमण अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के द्वारा किया जाएगा। बाइक रैली आकाशवाणी चौक से कलेक्ट्रेट चौक, मोती बाग, कालीबाड़ी, सिद्धार्थ चौक, संतोषी नगर, बोरिया खुर्द होते हुए मां दुर्गा मंदिर परिसर कांदुल में समापन होगा। तथा दूसरे दिन 26 जुलाई 2026 को निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण ग्राउंड, मां दुर्गा मंदिर परिसर कांदुल, रायपुर में भव्य कारगिल विजय दिवस समारोह का आयोजन किया गया है जिसमें छत्तीसगढ़ के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सहित परिवारों को एवं कारगिल योद्धाओं को सम्मानित किया जाएगा। तत्पश्चात देशभक्ति सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन एवं कविता पाठ का आयोजन होगा। उक्त अवसर पर समस्त पूर्व सैनिक, पूर्व सैनिक परिवार एवं समस्त गणमान्य नागरिकों एवं मीडिया के साथियों को दोनों दिवस के कार्यक्रम में सम्मिलित होने की अपील अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद रायपुर की ओर से प्रांतीय सचिव योगेश साहू ने की है।