featureछत्तीसगढ़

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा अभियान कार्यक्रम का हुआ सफल आयोजन 251 हितग्राहियों को मिला योजना का लाभ

सूरजपुर/ सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा शुक्रवार को सूरजपुर स्थित आदित्य होटल में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत भव्य ऋण वितरण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया था । यह कार्यक्रम 01 जुलाई से 24 जुलाई तक देशभर में चलाए गए प्रधानमंत्री विश्वकर्मा अभियान अंतर्गत आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य नगर पालिका अधिकारी सूरजपुर श्री मनीष गायकवाड़ रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रेमनगर श्री अनिल सोनवानी तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र (डीआईसी) के प्रबंधक श्री जयसिंह राज एवं श्री अवधेश कुशवाहा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल प्रमुख श्री राकेश भूतड़ा, क्षेत्रीय प्रमुख श्री राजेश कुमार तथा अग्रणी जिला प्रबंधक श्री संदीप कुमार सहित अंबिकापुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी शाखाओं ने भाग लिया, जबकि सूरजपुर जिले की 10 शाखाओं के शाखा प्रबंधकों ने विशेष रूप से सक्रिय भूमिका निभाई। सभी शाखाओं के समन्वित प्रयासों से अभियान को सफल बनाया गया तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस अभियान के दौरान लगभग 251 हितग्राहियों ने योजना का लाभ प्राप्त किया। यह योजना पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा उन्हें स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा संचालित एक महत्वाकांक्षी योजना है।
बैंक अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा भविष्य में भी पात्र हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभान्वित करने हेतु विशेष अभियान आयोजित करता रहेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित हितग्राहियों का आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Back to top button