featureछत्तीसगढ़

करैत के डसने से विकलांग युवक की मौत

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सर्पदंश की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। जिले के परेवाडीह गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां जहरीले कॉमन करैत सांप के काटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और भय का माहौल है। बताया जा रहा है कि मृतक को सांप ने उस समय डसा, जब वह अपने घर में सो रहा था। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान परेवाडीह गांव निवासी विक्रम साहू के रूप में हुई है। विक्रम साहू विकलांग थे और रविवार रात अपने घर में सोए हुए थे। इसी दौरान बिस्तर में छिपे कॉमन करैत सांप ने उन्हें डस लिया। रात में सांप के काटने की जानकारी नहीं हो पाई, जिसके कारण समय पर उपचार शुरू नहीं हो सका।

बताया जा रहा है कि सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत विक्रम साहू को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। इसके बाद पुलिस और संबंधित विभाग की प्रक्रिया के तहत शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिवार और ग्रामीणों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। अचानक हुई इस घटना से गांव के लोग सदमे में हैं।

कॉमन करैत को बेहद जहरीले सांपों में से एक माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, इसके जहर में न्यूरोटॉक्सिन पाया जाता है, जो सीधे इंसान के नर्वस सिस्टम पर असर करता है। इसकी सबसे बड़ी परेशानी यह है कि कई बार सांप के काटने का पता ही नहीं चलता। यही कारण है कि रात में सोते समय करैत के काटने की घटनाएं अधिक खतरनाक साबित होती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के मौसम में सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। खेतों, घरों के आसपास जमा सामान, लकड़ी के ढेर और अंधेरी जगहों में जहरीले सांप छिपे रह सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग भी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह देता है। रात में सोते समय साफ-सफाई रखने, बिस्तर और आसपास की जगहों की जांच करने की अपील की जाती है।

Related Articles

Back to top button