featureछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के स्कूल में शर्मनाक हरकत: छात्राओं से छेड़खानी, पास कराने के नाम पर संबंध बनाने का ऑफर

राजनांदगांव। गैंदाटोला स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं के साथ कथित छेड़खानी और गलत व्यवहार के मामले में पुलिस ने शिक्षक तिलक यदु के खिलाफ पाक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में उसके सहयोगी रमीज कुरैशी को भी सह-आरोपित बनाया गया है। वह फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर है।

एक आदिवासी छात्रा की शिकायत के बाद प्रकरण को लेकर चार दिनों तक समझौते और मान-मनौव्वल का दौर चलता रहा। आरोप है कि शिक्षक ने थाना स्टाफ और क्षेत्र के प्रभावशाली लोगों के माध्यम से माफी मांगकर दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने का भरोसा दिया। हालांकि, छात्रा कार्रवाई की मांग पर अड़ी रही। इसके बाद शुक्रवार देर रात पुलिस ने FIR दर्ज की।

पुलिस के अनुसार आरोपित शिक्षक कई वर्षों से इसी स्कूल में पदस्थ है और हिंदी व सामाजिक विज्ञान पढ़ाता है। दर्ज प्रकरण के मुताबिक, छात्रा जब तीन वर्ष पहले कक्षा नवमीं में पढ़ती थी, तब भी उसे रमीज के माध्यम से परीक्षा में पास कराने का संदेश भेजकर संबंध बनाने की बात कही गई थी। इंटरनेट मीडिया के जरिए भी ऐसा संदेश भेजे जाने का आरोप है।

शिक्षक के कथित व्यवहार से कई छात्राएं परेशान थीं। जानकारी क्षेत्र की महिलाओं तक पहुंचने के बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से करने का निर्णय लिया। गैंदाटोला थाने में एक सितंबर को शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दी गई थी।

शिकायत की जानकारी शिक्षक तक पहुंचने के बाद पीड़ित छात्रा और उसे थाने ले जाने वाली महिलाओं पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाए जाने का आरोप है। क्षेत्र के कुछ नेताओं और पुलिसकर्मियों द्वारा भी मामले को रफादफा कराने की कोशिश की गई।

शुक्रवार को महिलाएं छात्रा को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचीं और एएसपी कीर्तन राठौर को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने अपराध दर्ज किया। सह-आरोपित रमीज कुरैशी, गैंदाटोला के पूर्व सरपंच खलील अहमद कुरैशी का बेटा है।

Related Articles

Back to top button