

रायपुर। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज चांपा के सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को आगामी अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में चार प्रांतों से आए कक्षा छठवीं से बारहवीं तक के 300 से अधिक भैया-बहनों ने अलग-अलग वर्गों में खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन के साथ खेल भावना और टीमवर्क का परिचय दिया।

श्री साव ने कहा कि विद्या भारती विद्यार्थियों को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाने के साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। यहां शिक्षा प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थी सौभाग्यशाली हैं। संगठन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि, खेल का मैदान हमें सम्मान और बेहतर भविष्य की ओर बढ़ने का अवसर देता है। खेल के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ी देश-दुनिया में पहचान बना रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल से अच्छे स्वास्थ्य के साथ जीवन में अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास होता है। यह हर परिस्थिति का सामना करने और संघर्ष करने की क्षमता बढ़ाता है। प्रतिदिन खेल के मैदान में समय बिताने से शरीर में ताजगी और मन में प्रसन्नता बनी रहती है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल के लिए नियमित समय निकालने और अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया। श्री साव ने कहा कि सफल बनने के लिए अपने क्षेत्र में मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ना जरूरी है। जीवन में प्रयत्न करना कभी नहीं छोड़ना चाहिए।
श्री साव ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। भारत को खेल के क्षेत्र में भी दुनिया के पांच अग्रणी देशों में शामिल करने का लक्ष्य है। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार इसी संकल्प के अनुरूप कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ भी वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण सहभागी बनेगा।
इस अवसर पर विद्या भारती मध्य क्षेत्र क्षेत्रीय उपाध्यक्ष जुड़ावन सिंह ठाकुर जी, भारतीय कुष्ठ निवारक संघ सचिव सुधीर देव जी, सांसद कमलेश जांगड़े जी, विद्या भारती प्रांत प्रमुख दीपक सोनी जी, प्रांतीय खेलकूद संयोजक डॉ शांतिकुमार सोनी जी, प्राचार्य अश्वनी कुमार कश्यप जी, भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े जी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव जी, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले जी, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी जी, हनुमान कुमार देवांगन जी, नंद किशोर श्रीवास्तव जी, रजनी सत्तु साहू जी, दिवाकर स्वर्णकार जी, प्रशांत सिंह ठाकुर जी, तारकेश्वर स्वर्णकार जी, अनंत जी, चन्द्रकिशोर श्रीवास्तव जी, कमल देवांगन जी, गोपीचंद बरेठ जी, रवींद्र जी, मनहरण राठौर जी, दीपक सोनी जी, रेखा जी, नंदकुमार देवांगन जी, अन्य जनप्रतिनिधि, आचार्य एवं भैया बहनी उपस्थित रहे।