
हिन्दी पखवाड़ा का उद्देश्य कार्यालयीन कार्यों को हिंदी में करने, राजभाषा के नियमों, अधिनियमों आदि का पालन करने हेतु प्रोत्साहित करना- दयानंद मंडल रेल प्रबंधक
दिनांक 28.09.2026 को रायपुर रेल मंडल पर हिन्दी पखवाड़ा – 2026 का पुरस्कार वितरण सह समापन समारोह आयोजित किया गया । इस अवसर पर मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक भी आयोजित की गई ।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अधिकारियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया । इसके पश्चात मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक भी आयोजित की गई । बैठक के उपरांत श्री दयानंद, मंडल रेल प्रबंधक ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि – “ राजभाषा पखवाड़ा अथवा राजभाषा से जुड़े किसी भी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने के पीछे जो उद्देश्य है, उसे हम सब को भलीभांति समझना चाहिए । केवल प्रतियोगिताओं में भाग लेना तथा पुरस्कार जीतना हमारा लक्ष्य नहीं होना चाहिए, बल्कि ऐसे कार्यक्रमों से प्रेरित होकर स्वयं भी और अपने सहकर्मियों को भी कार्यालयीन कार्यों को हिंदी में करने हेतु, राजभाषा के नियमों, अधिनियमों आदि का पालन करने हेतु प्रोत्साहित करना चाहिए ।

”इसके पश्चात हिन्दी पखवाड़ा – 2026 के दौरान आयोजित की गई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को श्री दयानंद, मंडल रेल प्रबंधक के कर कमलों से पुरस्कार वितरित किए गए । इस कार्यक्रम में श्री बजरंग अग्रवाल, अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम के अंत में राजभाषा अधिकारी श्री निकेश कुमार पाण्डेय द्वारा धन्यवाद ज्ञापित कर कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा की गई ।