
उमावाणी न्यूज
बेमेतरा

धनगांव में भक्ति का महाकुंभ, रामधुनि की गूंज के बीच स्वर्ण जयंती समारोह का भव्य समापन
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा सहित मंत्री गुरु खुशवंत साहेब हुए शामिल
मंजीरा लेकर रामधुनि में शामिल हुईं मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने गांव में 20 लाख रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की
रायपुर, 30 सितंबर 2026/ बेमेतरा जिले के ग्राम धनगांव में आयोजित स्वर्ण जयंती एवं राज्यस्तरीय रामधुनि प्रतियोगिता का भव्य समापन भक्ति, संस्कृति और आध्यात्मिक उल्लास के बीच हुआ। मंजीरे की थाप और रामधुनि की गूंज से पूरा धनगांव राममय नजर आया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचीं रामधुनि टोलियों ने रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में अपनी प्रस्तुतियों से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और भक्ति परंपरा की सुंदर छटा बिखेरी।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद श्री विजय बघेल, विधायक श्री दीपेश साहू, विधायक श्री ईश्वर साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और संतवृंद शामिल हुए। छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष संत राजीव लोचन दास महाराज एवं ग्रामवासियों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
*मंजीरा लेकर रामधुनि में शामिल हुईं श्रीमती कौशल्या साय*
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय का सहज और भक्तिमय रूप देखने को मिला। रामधुनि की प्रस्तुति के बीच उन्होंने स्वयं मंजीरा हाथ में लिया और भजन मंडली के साथ संगत की। रामधुनि और मंजीरे की ताल के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
*शहीद जवानों को किया गया नमन*
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने विभिन्न रामधुनि टोलियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में सबसे अधिक टोलियां कबीरधाम जिले से आई हैं। श्री शर्मा ने कहा कि राम और सीता के मिलने से राग बनता है और यहां उसी भक्ति एवं सत्संग की अनुभूति हो रही है। उन्होंने बताया कि पितृ पक्ष के अवसर पर वर्ष 2000 से अब तक नक्सल अभियान में शहीद हुए 1399 जवानों को मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उन्होंने बस्तर संभाग सहित नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में आए बदलाव का भी उल्लेख किया।
*धनगांव को 20 लाख रुपए के विकास कार्यों की सौगात*
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती मोनिका गजानंद साहू द्वारा गांव की विकास आवश्यकताओं से अवगत कराया गया। इस पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने धनगांव में 20 लाख रुपए की लागत से शेड निर्माण एवं सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की।
राज्यस्तरीय रामधुनि प्रतियोगिता में पेंड्रीतराई, कबीरधाम की टोली ने प्रथम स्थान प्राप्त कर एक लाख रुपए का पुरस्कार जीता। कन्हारपुर, मुंगेली ने द्वितीय, कटई, बेमेतरा ने तृतीय, पोड़ी, धमतरी ने चतुर्थ तथा पीड़ा, मुंगेली की टोली ने पंचम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री दयावंत बांधे, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष श्री प्रीतपाल बेलचंदन, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी, महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती प्रज्ञा निर्वाणी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, संतवृंद, रामधुनि टोलियां और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।